फीफा विश्व कप में बेल्जियम का धमाका : न्यूजीलैंड को 5-1 से रौंदकर राउंड ऑफ 32 का टिकट किया पक्का, ट्रॉसार्ड और डी ब्रूने की जोड़ी ने बिखेरा जलवा

वैंकूवर। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-जी मुकाबले में बेल्जियम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 5-1 से करारी शिकस्त दी। बीसी प्लेस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बेल्जियम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और जीत के साथ राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं, इस हार के साथ न्यूजीलैंड का नॉकआउट चरण में पहुंचने का सपना भी टूट गया।
बेल्जियम के लिए लिएंड्रो ट्रॉसार्ड ने दो गोल दागकर जीत में अहम भूमिका निभाई। ग्रुप-जी में बेल्जियम और मिस्र दोनों के पांच-पांच अंक रहे, लेकिन बेहतर गोल अंतर के आधार पर बेल्जियम शीर्ष स्थान पर रहा। दूसरी ओर, मिस्र ने ईरान के खिलाफ 1-1 की बराबरी खेलकर अगले दौर में जगह बना ली। ईरान तीन अंक के साथ तीसरे और न्यूजीलैंड एक अंक के साथ अंतिम स्थान पर रहा।
ट्रॉसार्ड और डी ब्रूने की जोड़ी ने बिखेरा जलवा
मैच की शुरुआत से ही बेल्जियम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार न्यूजीलैंड के गोल पर दबाव बनाया। 11वें मिनट में ट्रॉसार्ड गोल करने के बेहद करीब पहुंचे, लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट से टकरा गया। कुछ देर बाद बेल्जियम को पेनल्टी मिली, लेकिन वीएआर समीक्षा के बाद रेफरी ने फैसला बदल दिया।
आखिरकार 28वें मिनट में केविन डी ब्रूने के शानदार क्रॉस पर ट्रॉसार्ड ने गोल कर बेल्जियम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ के 49वें मिनट में डी ब्रूने के एक और सटीक पास पर ट्रॉसार्ड ने अपना दूसरा और टीम का दूसरा गोल दाग दिया।
डी ब्रूने ने बनाया रिकॉर्ड, लुकाकू ने लगाई जीत पर मुहर
न्यूजीलैंड ने वापसी की कोशिश की, लेकिन बेल्जियम के गोलकीपर थिबो कोर्टोइस ने शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। 66वें मिनट में केविन डी ब्रूने ने तीसरा गोल दागते हुए बेल्जियम की बढ़त और मजबूत कर दी। इस गोल के साथ 34 वर्षीय डी ब्रूने फीफा वर्ल्ड कप में बेल्जियम के लिए गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए।
84वें मिनट में एलिजा जस्ट ने न्यूजीलैंड के लिए सांत्वना गोल किया, लेकिन अगले ही मिनट रोमेलु लुकाकू ने शानदार हेडर के जरिए बेल्जियम का चैथा गोल कर मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। स्टॉपेज टाइम में एलेक्सिस सालेमेकर्स ने पांचवां गोल दागकर बेल्जियम की 5-1 की शानदार जीत पर मुहर लगा दी।
इस जीत के साथ बेल्जियम ने न सिर्फ ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया, बल्कि खिताब की दौड़ में भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
