शुक्रवार, 13 नवंबर 202611:57:12 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

डीसी का कौन होगा कप्तान? : पंत-राहुल के बीच फंसा पेंच, आकाश चोपड़ा ने उजागर की फेंचाइजी की कमजोरी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 12, 2026
09:50 AM
पंत-राहुल के बीच फंसा पेंच, आकाश चोपड़ा ने उजागर की फेंचाइजी की कमजोरी

नई दिल्ली। आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम कई बड़े सवालों से घिरी नजर आ रही है। टीम के अंदर सबसे बड़ा सस्पेंस कप्तान को लेकर है। टीम की अगुवाई का पेंच ऋषभ पंत और केएल राहुल के बीच फंसा हुआ है। जिसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई है। पूर्व भारतीय क्रिकेट और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने दिल्ली की रणनीति पर सवाल उठाते हुए टीम के सामने बड़ी चुनौती सही कप्तान का चुनाव करना और तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत बनाए रखना।

आकाश चोपड़ा के मुताबिक, दिल्ली के पास बल्लेबाजी में कई अच्छे विकल्प मौजूद हैं, लेकिन कप्तानी को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है। उन्होंने केएल राहुल को कप्तानी का मजबूत दावेदार बताया है। वहीं ऋषभ पंत और अक्षर पटेल के नाम भी चर्चा में हैं।

कप्तानी के लिए केएल राहुल मजबूत दावेदार

जियोस्टार से बातचीत में आकाश चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के सामने कप्तान चुनने का सवाल किसी बहुविकल्पीय प्रश्न जैसा हो गया है। ऋषभ पंत पहले कप्तानी कर चुके हैं और केएल राहुल भी इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त विकल्प हैं। वहीं अक्षर पटेल के कप्तानी में दिलचस्पी नहीं लेने की चर्चा है। चोपड़ा ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए केएल राहुल को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। हालांकि, फ्रेंचाइजी किस खिलाड़ी पर भरोसा जताएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

पंत को टॉप-4 में खिलाने की दी सलाह

आकाश चोपड़ा ने ऋषभ पंत की बल्लेबाजी पोजीशन को भी बेहद अहम बताया। उनका मानना है कि दिल्ली ने पंत को अपनी टीम में शामिल किया है तो उन्हें बल्लेबाजी क्रम में शीर्ष चार में मौका देना चाहिए। इससे उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पंत को निचले क्रम में ही बल्लेबाजी करानी है तो उन्हें टीम में वापस लाने का क्या फायदा है। चोपड़ा के अनुसार, पंत को टॉप-4 में खेलने का मौका मिलना चाहिए, तभी दिल्ली इस ट्रेड का पूरा लाभ उठा पाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस ट्रेड से लखनऊ सुपर जायंट्स को ज्यादा फायदा हुआ हो सकता है, क्योंकि दिल्ली ने कुलदीप यादव जैसे प्रभावशाली गेंदबाज को गंवाया है।

बल्लेबाजी मजबूत, लेकिन तेज गेंदबाजी बनी चिंता

दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी को आकाश चोपड़ा ने काफी संतुलित बताया। टीम में अक्षर पटेल, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, आशुतोष शर्मा और समीर रिजवी जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में बल्लेबाजी विभाग में टीम के पास अच्छे विकल्प दिखाई देते हैं।

हालांकि, गेंदबाजी को लेकर उनकी चिंता अलग है। खासतौर पर मिचेल स्टार्क की उपलब्धता पर उन्होंने सवाल उठाए। चोपड़ा का मानना है कि यदि स्टार्क पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं तो दिल्ली की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

महंगे गेंदबाजों के प्रदर्शन और उपलब्धता पर सवाल

आकाश चोपड़ा ने दिल्ली के तेज गेंदबाजी निवेश का जिक्र करते हुए कहा कि मुकेश कुमार को 8 करोड़ रुपये, आकिब नबी को 8.4 करोड़ रुपये और मिचेल स्टार्क को करीब 12 करोड़ रुपये में शामिल किया गया है। ऐसे में इन खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं लुंगी एनगिडी को 2 करोड़ रुपये में हासिल करना उन्होंने अच्छा सौदा बताया। दुष्मंथा चमीरा और काइल जैमीसन भी अपेक्षाकृत कम कीमत पर टीम में आए हैं।

चोपड़ा ने मुकेश कुमार के टी20 आंकड़ों में गिरावट और महंगे गेंदबाजों की उपलब्धता को लेकर भी चिंता जताई। अब देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली कैपिटल्स कप्तानी की गुत्थी कैसे सुलझाती है और अपने गेंदबाजी आक्रमण को किस तरह संतुलित करती है। आईपीएल के आगामी सीजन में टीम की सफलता काफी हद तक इन्हीं फैसलों पर निर्भर करेगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें