शनिवार, 6 जून 202606:32:55 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

अफगानिस्तान वनडे सीरीजः : चोटिल विराट की जगह लेंगे यशस्वी, रोहित-हार्दिक की फिटनेस पर भी सस्पेंस, देना होगा टेस्ट

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 06, 2026
09:53 AM
चोटिल विराट की जगह लेंगे यशस्वी,  रोहित-हार्दिक की फिटनेस पर भी सस्पेंस, देना होगा टेस्ट

मुंबई। अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की चयन समिति ने उनकी जगह युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया है। कोहली की गैरमौजूदगी में भारतीय बल्लेबाजी क्रम की जिम्मेदारी अब अन्य अनुभवी खिलाड़ियों के कंधों पर होगी।

सीरीज से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस भी चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों खिलाड़ियों को अंतिम टीम में शामिल होने से पहले फिटनेस टेस्ट पास करना होगा। हार्दिक पांड्या पीठ की चोट से उबरने के लिए बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं।

यह बोले अजीत आगरकर

वहीं रोहित शर्मा भी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण आईपीएल के कुछ मुकाबलों से बाहर रहे थे और अगले कुछ दिनों में फिटनेस क्लीयरेंस के लिए रिपोर्ट करेंगे। अगरकर ने कहा कि चोटिल खिलाड़ियों के मामले में बोर्ड सामान्य प्रक्रिया का पालन कर रहा है और अंतिम फिटनेस रिपोर्ट मिलने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज के मुकाबले 13, 17 और 20 जून को खेले जाएंगे।

आईपीएल के फाइनल मुकाबले में चोटिल हुए थे कोहली

विराट कोहली को यह चोट आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान लगी थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में कोहली ने नाबाद 75 रन की शानदार मैच विजयी पारी खेली थी। हालांकि इस दौरान वह दाहिनी हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझते नजर आए थे। मैच खत्म होने के बाद उनकी चोट को लेकर चिंता बढ़ गई थी और अब वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। विराट फिलहाल सिर्फ वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में उनकी चोट टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

इंग्लैंड सीरीज तक वापसी की उम्मीद

बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कोहली की फिटनेस पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आईपीएल फाइनल के बाद अभी एक सप्ताह भी पूरा नहीं हुआ है और उनकी रिकवरी की समय-सीमा को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि कोहली इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज तक फिट हो सकते हैं। अगरकर ने कहा कि टीम प्रबंधन और मेडिकल स्टाफ लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और अंतिम फैसला फिटनेस रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।

यशस्वी जायसवाल को मिला बड़ा मौका

कोहली की जगह टीम में शामिल किए गए यशस्वी जायसवाल के लिए यह बड़ा अवसर माना जा रहा है। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने अपना आखिरी वनडे दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने नाबाद 116 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी। अब तक खेले गए चार वनडे मैचों में जायसवाल 171 रन बना चुके हैं और उन्होंने अपनी प्रतिभा से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वह इस अवसर का पूरा फायदा उठाते हुए भारतीय बल्लेबाजी को मजबूती प्रदान करेंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें