दुर्ग में गुटखा निर्माण का काला कारोबार उजागर : मशीनों समेत सामान जब्त

दुर्ग जिले के कचान्दूर गांव में एक अवैध गुटखा निर्माण फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री से गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और बड़ी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया है। मामले की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने फैक्ट्री को सील कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री मालिक ने परिसर को उत्तर प्रदेश निवासी सानू नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। बताया जा रहा है कि पिछले करीब 20 दिनों से फैक्ट्री बंद थी। फैक्ट्री के गार्ड ने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मालिक को दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
कार्रवाई के दौरान मिक्सर मशीन और कटर मशीन समेत कई उपकरण बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार यहां बड़े पैमाने पर अवैध रूप से गुटखा तैयार किया जा रहा था। मामले में मुख्य आरोपी सानू फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
यह पूरा मामला जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र का है, जहां पुलिस और संबंधित विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
