बुधवार, 24 जून 202606:52:17 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

डायल 112 कर्मियों से मारपीट करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार : पुलिस ने नगर में निकाला जुलूस

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Jun 24, 2026
10:45 AM
पुलिस ने नगर में निकाला जुलूस

प्रतापपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव में सड़क हादसे के बाद हुए बवाल मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों का मंगलवार को प्रतापपुर नगर में जुलूस निकाला गया, जहां उनसे अपराध के खिलाफ संदेश दिलाया गया।

जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई थी। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि बाद में जब पुलिस टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची तो कुछ ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने दुर्घटना के लिए पुलिस की चेकिंग व्यवस्था और ट्रक को सड़क पर खड़ा रहने देने को जिम्मेदार ठहराया। इसी दौरान ग्रामीणों ने डायल 112 के चालक और आरक्षक निशांत टोप्पो के साथ मारपीट कर दी। स्थिति और बिगड़ने पर भीड़ ने ट्रक में आग भी लगा दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रतापपुर पुलिस ने जांच शुरू की और घटना में शामिल 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, आगजनी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

एसडीओपी अनूप एक्का ने बताया कि कानून व्यवस्था भंग करने और पुलिस कर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है और दोषियों को कानून के अनुसार दंड दिलाया जाएगा।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें