भिलाई : ठंडे समोसे पर विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला; दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर: लोकेश साहू , दुर्ग/भिलाई। भिलाई के सुपेला इलाके में ठंडा समोसा मिलने की मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो युवकों ने अपने ही साथी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए रायपुर एम्स रेफर किया गया है। मामले में सुपेला पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब पीने के दौरान समोसे को लेकर हुआ विवाद
घटना सुपेला के लक्ष्मी मार्केट स्थित शिव मंदिर के पास की बताई जा रही है। आदर्श पारा निवासी हिमांशु मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाऊ वहां पहुंचे। तीनों के बीच पहले शराब पीने और बाद में समोसा लाने को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि समोसा ठंडा होने की बात पर तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज होने लगी और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
सिर से लेकर कमर तक किए कई वार
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान योगेश्वर और मनीष ने हिमांशु पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके सिर, गर्दन, पेट, पीठ और कमर पर कई वार किए। हमले में हिमांशु गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों और डायल-112 की मदद से घायल को पहले सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे रायपुर एम्स रेफर कर दिया।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद घायल की मां अर्चना नेवारे ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी एस.एन. सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कृष्णा नगर इलाके में घेराबंदी कर योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाऊ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस भी निकाला और इसके बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
