छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें : टोप्पो की अपील, भर्ती पर रोक, सुशासन शिविर में विवाद और अमित जोगी का नया अभियान

छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कर्मचारियों से की अपील
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से जुड़े विवाद के बीच उनका एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वे अधिकारी-कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त कर अपने दायित्वों पर लौटने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की पुलिस जांच में वे पूरा सहयोग करेंगे और कर्मचारियों से सामान्य कामकाज बहाल करने का आग्रह किया।
सुशासन तिहार शिविर में कांग्रेस नेता और विधायक के बीच बहस
बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र स्थित गोढ़ी गांव में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
आत्मानंद स्कूलों की संविदा भर्ती प्रक्रिया पर लगी रोक
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में चल रही संविदा भर्ती प्रक्रियाओं को फिलहाल स्थगित कर दिया है। आदेश के बाद सभी जिलों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई है।
पुर्तगाल में रायपुर के कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत
राजधानी रायपुर के व्यवसायी अजय सुंदर निहलानी का पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हृदयाघात से निधन हो गया। वे एक शैक्षणिक दौरे पर गए 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। परिजनों ने उनका पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए भारतीय दूतावास और प्रधानमंत्री कार्यालय से मदद की मांग की है।
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे, रायपुर में गौरव समारोह आयोजित
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, योगदान और भविष्य की चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।
अमित जोगी ने शुरू किया ‘बेटा बचाओ अभियान’
पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पुण्यतिथि पर उनके पुत्र और पूर्व विधायक अमित जोगी ने प्रदेशव्यापी ‘बेटा बचाओ अभियान’ शुरू करने की घोषणा की। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखना और उन्हें सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना बताया गया है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
