लॉरेंस गैंग का नया टारगेट आमिर खान : सलमान खान के बाद अब आमिर खान को धमकी! सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और ऑडियो से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को मिल चुकी धमकियों के बाद अब सुपरस्टार आमिर खान को लेकर भी सोशल मीडिया पर कथित धमकी भरे पोस्ट और ऑडियो वायरल हो रहे हैं। इन पोस्ट और ऑडियो में आमिर खान को निशाना बनाए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि यह संदेश आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई नाम के हैंडल से साझा किए गए हैं। इन पोस्ट में आमिर खान की कथित तीसरी शादी और 'लव जिहाद' जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा एक कथित ऑडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसे लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं।
आधिकारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल पुलिस या किसी जांच एजेंसी ने वायरल पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वायरल सामग्री वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी है या नहीं। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों को फिलहाल सत्यापित नहीं माना जा सकता।
जांच में जुटी मुंबई पुलिस
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस और साइबर सेल वायरल पोस्ट और ऑडियो की जांच कर रही हैं। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि पोस्ट किसने साझा किए, उनका स्रोत क्या है और क्या इनके पीछे वास्तव में कोई आपराधिक साजिश है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि अभिनेता सलमान खान को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। उनके घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी। इसी वजह से आमिर खान से जुड़ी कथित धमकी के मामले को भी सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से देख रही हैं।
अफवाहों से बचने की अपील
सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी पोस्ट या ऑडियो की सत्यता जांच पूरी होने से पहले स्पष्ट नहीं होती। ऐसे में केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि अपुष्ट और भ्रामक सामग्री को बिना सत्यापन के साझा न करें।
फिलहाल इस मामले की जांच जारी है और पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
