बुधवार, 28 अक्टूबर 202610:44:54 PM
Download App
Home/मनोरंजन

दिवाली पर मार्वल का बड़ा सरप्राइज! : अमेरिका से एक दिन पहले भारत में रिलीज होगी ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Oct 28, 2026
11:17 AM
अमेरिका से एक दिन पहले भारत में रिलीज होगी ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’

Avengers: Doomsday Release Date: हॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित सुपरहीरो फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर भारतीय फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। मार्वल स्टूडियोज ने दिवाली के मौके पर फिल्म की भारत में रिलीज डेट में बदलाव का ऐलान किया है। अब यह फिल्म भारतीय सिनेमाघरों में 17 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी, जबकि अमेरिका में इसकी रिलीज 18 दिसंबर को निर्धारित है। इस तरह भारतीय दर्शक फिल्म को अमेरिकी दर्शकों से एक दिन पहले देख सकेंगे।

क्रिस इवांस और रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने दिया दिवाली गिफ्ट

मार्वल इंडिया की ओर से शेयर किए गए एक खास वीडियो में हॉलीवुड अभिनेता क्रिस इवांस और रॉबर्ट डाउनी जूनियर भारतीय दर्शकों को दिवाली की शुभकामनाएं देते नजर आए। दोनों सितारों ने अपने खास संदेश के जरिए फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान किया।

वीडियो की शुरुआत ‘नमस्ते इंडिया’ से होती है। इसके बाद दोनों कलाकार दिवाली को एक अध्याय के खत्म होने और दूसरे की शुरुआत का प्रतीक बताते हैं। उनके संदेश में फिल्म की कहानी के गहरे और रहस्यमयी माहौल की झलक भी मिलती है। आखिर में दोनों भारतीय फैंस से ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में मिलने की बात कहते हैं।

भारत में इन भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म

मार्वल स्टूडियोज की यह फिल्म भारत में 17 दिसंबर 2026 को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर भारतीय दर्शकों में पहले से ही काफी उत्सुकता है। रिलीज डेट एक दिन आगे किए जाने से फैंस को अमेरिकी रिलीज से पहले इस सुपरहीरो फिल्म को देखने का मौका मिलेगा।

डॉक्टर डूम के रूप में लौटेंगे रॉबर्ट डाउनी जूनियर

फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे। इससे पहले वह मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में टोनी स्टार्क यानी आयरन मैन के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। वहीं, क्रिस इवांस स्टीव रोजर्स के किरदार में वापसी कर रहे हैं, जिन्हें दर्शक कैप्टन अमेरिका के रूप में जानते हैं।

फिल्म का निर्देशन एंथनी रूसो और जो रूसो कर रहे हैं। इसकी कहानी में मार्वल की अलग-अलग दुनिया के सुपरहीरो एक बड़े खतरे का सामना करते नजर आएंगे।

फैंस को अब 17 दिसंबर का इंतजार

दिवाली पर रिलीज डेट का यह ऐलान मार्वल के भारतीय प्रशंसकों के लिए खास सरप्राइज बन गया है। फिल्म की स्टारकास्ट, सुपरहीरो एक्शन और डॉक्टर डूम के किरदार को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।

अब देखना होगा कि ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है। फिलहाल फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर यही है कि फिल्म भारत में 17 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें