Spain Train Accident: : स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर, 46 लोगों की मौत की खबर; बढ़ सकता है आंकड़ा

Spain Train Crash: यूरोप के स्पेन से बुधवार को भीषण रेल हादसे की खबर सामने आई है। टोलेडो प्रांत में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर के बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में कई लोगों की मौत और बड़ी संख्या में यात्रियों के घायल होने की खबर है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों का आंकड़ा 46 से अधिक बताया गया है, हालांकि अलग-अलग रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या अलग है और आधिकारिक आंकड़े की पुष्टि का इंतजार है। बचाव और राहत टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं।
टोलेडो के पास कैसे हुआ हादसा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा बुधवार सुबह करीब 8:54 बजे स्पेन के टोलेडो प्रांत में उर्दा स्टेशन के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मैड्रिड से सेविले जा रही हाई-स्पीड ट्रेन का एक अन्य ट्रेन से टकराव हुआ। हादसे में दो डिब्बे पटरी से उतरकर ढलान की ओर जा गिरे।
इस दुर्घटना में शामिल ट्रेनों में सरकारी रेल ऑपरेटर रेनफे की AVE ट्रेन और निजी ऑपरेटर इर्यो की ट्रेन बताई जा रही हैं। टक्कर की वजहों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मैड्रिड से दक्षिणी क्षेत्र अंडालूसिया की ओर जाने वाली हाई-स्पीड रेल सेवा रोक दी गई।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
हादसे के बाद शुरुआती रिपोर्ट्स में कम से कम 10 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद कुछ स्पेनिश मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 30 से अधिक और कुछ में 46 तक बताई गई। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि राहत और बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ आंकड़ा बढ़ सकता है।
घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं, अग्निशमन दल, पुलिस और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है। घायलों को मदद पहुंचाने के लिए राहत अभियान जारी है। फिलहाल हादसे के कारण और हताहतों की अंतिम संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने जताया दुख
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि टोलेडो में हुए गंभीर ट्रेन हादसे की खबर से वह स्तब्ध हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि वह परिवहन मंत्री और कैस्टिला-ला मांचा क्षेत्र के अध्यक्ष के संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर प्रभावित लोगों की सहायता करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रशासनिक इकाइयों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने हादसे के पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना और समर्थन व्यक्त किया।
स्पेन में इस साल का दूसरा बड़ा रेल हादसा?
स्पेन में इस साल इससे पहले जनवरी में एडामुज के पास भीषण रेल दुर्घटना हुई थी, जिसमें 46 लोगों की जान गई थी। अब टोलेडो में हुई इस नई दुर्घटना ने एक बार फिर देश के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताजा हादसे के बाद रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटना की जांच और राहत अभियान जारी है। हादसे की वजह, घायलों की संख्या और मृतकों के अंतिम आंकड़े को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
