अभिषेक-वैभव के तूफान में उड़ी कीवी टीम : भारत ने 199 रनों का लक्ष्य 13.2 ओवर में किया चेस, इस मामले में बनाया विश्व रिकार्ड भी

वेलिंगटन। भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में विस्फोटक प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम कर ली है। इस जीत के हीरों ओपनर अभिषेक शर्मा और बेबी बाॅस वैभव सूर्यवंशी रहे। इन दोनों धुरंधरों की तूफानी पारी ने कीवी गेंदबाजों को घुटनों पर ला दिया। अभिषेक और वैभव की तूफानी पारी के चलते भारत ने महज 13.2 ओवर में चार विकेट खोकर 199 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।
हेनरी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दोनों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और पावरप्ले में ही रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी कर डाली।
भारत ने पावर प्ले में बनाए 118 रन
भारत ने शुरुआती छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 118 रन बनाए, जो पुरुषों के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पावरप्ले का विश्व रिकॉर्ड बताया गया है। वैभव ने 19 गेंदों पर चार चैकों और चार छक्कों की मदद से 45 रन बनाए, जबकि अभिषेक ने महज 20 गेंदों में सात चैके और छह छक्के लगाकर 67 रन ठोक दिए।
38 गेंदों में अभिषेक का शतक
वैभव के आउट होने के बाद भी अभिषेक शर्मा का बल्ला नहीं रुका। उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर हमला जारी रखते हुए अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का चैथा शतक जड़ दिया। अभिषेक ने केवल 38 गेंदों पर 11 छक्कों और नौ चैकों की मदद से 113 रन की विस्फोटक पारी खेली।
वह 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर 178 रन के स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद श्रेयस अय्यर पांच और संजू सैमसन 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। नमन धीर चार और तिलक वर्मा एक रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 13.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मिचेल की पारी भी नहीं दिला सकी न्यूजीलैंड को जीत
इससे पहले टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित ओवरों में तीन विकेट पर 198 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज एलन ने 25 गेंदों पर पांच छक्कों की मदद से 40 रन बनाए, जबकि फिलिप्स ने 17 रन का योगदान दिया।
डेरिल मिचेल और जैकब्स ने शानदार साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। मिचेल ने 52 गेंदों पर पांच चैकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 89 रन बनाए। वहीं, जैकब्स ने 23 गेंदों पर चार चैकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 39 रन की पारी खेली।
हालांकि, न्यूजीलैंड का यह स्कोर भारतीय बल्लेबाजों के सामने छोटा साबित हुआ। अभिषेक शर्मा की आतिशी पारी और वैभव की आक्रामक शुरुआत ने भारत को शानदार जीत दिलाकर सीरीज में अजेय बढ़त दिला दी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
