‘मेरी ताकत और बच्चों की प्रेरणा बनने के लिए शुक्रिया’ : भोजपुरी एक्टर ने पत्नी की जन्मदिन पर ऐसे लुटाया प्यार

मुंबई। भोजपुरी सिनेमा से लेकर बॉलीवुड और राजनीति तक अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता रवि किशन अपनी निजी जिंदगी को लेकर कम ही चर्चा करते हैं। हालांकि, पत्नी प्रीति किशन के साथ उनके रिश्ते और संघर्ष के दिनों में मिले सहयोग का जिक्र वह कई बार कर चुके हैं। अब पत्नी के जन्मदिन पर रवि किशन ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपने दिल की बात कही। उनके भावुक संदेश ने दोनों के बीच के रिश्ते और आपसी लगाव को सामने रखा।
पत्नी के साथ तस्वीरें साझा कर लिखा खास संदेश
रवि किशन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पत्नी प्रीति किशन के साथ कई तस्वीरें पोस्ट कीं। तस्वीरों में दोनों साथ नजर आ रहे हैं और उनकी बॉन्डिंग दिखाई दे रही है। जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए अभिनेता ने लिखा, ष्जन्मदिन मुबारक हो, प्रीति किशन। मेरी ताकत और हमारे बच्चों के लिए प्रेरणा बनने के लिए धन्यवाद। मैं हमेशा इस बात का आभारी रहूंगा कि आप मेरी सुख-दुख की साथी हो। लव यू... महादेव, आप पर अपना आशीर्वाद बनाए रखे।ष्
स्कूल के दिनों में शुरू हुई थी प्रेम कहानी
रवि किशन और प्रीति की मुलाकात स्कूल के दिनों में हुई थी। अभिनेता ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब वह 11वीं कक्षा में पढ़ते थे, तभी उन्हें प्रीति पसंद आ गई थीं। किशोरावस्था में शुरू हुआ यह रिश्ता आगे चलकर शादी में बदल गया। दोनों ने साथ मिलकर जीवन के कई उतार-चढ़ाव देखे हैं।
मुश्किल दौर में पत्नी ने दिया हौसला
रवि किशन का फिल्मी सफर आसान नहीं रहा। मुंबई पहुंचने के बाद उन्हें लंबे समय तक काम पाने के लिए संघर्ष करना पड़ा। अभिनेता कई मौकों पर अपनी सफलता का श्रेय पत्नी प्रीति को दे चुके हैं। उनके अनुसार, संघर्ष के दिनों में प्रीति ने उनका हौसला बनाए रखा और परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं। रवि किशन का मानना है कि उनके जीवन में पत्नी का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है।
पत्नी के पैर छूने का भी किया था जिक्र
रवि किशन ने एक भाषण के दौरान पत्नी के प्रति सम्मान का जिक्र करते हुए बताया था कि जब प्रीति सो रही होती हैं, तब वह उनके पैर छूते हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी पत्नी उन्हें पैर छूने नहीं देतीं। अभिनेता और प्रीति के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। रवि किशन अक्सर अपने परिवार के साथ तस्वीरें और पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं। जन्मदिन पर पत्नी के लिए लिखा उनका संदेश भी इसी पारिवारिक जुड़ाव और सम्मान को दर्शाता है
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
