'ड्रीम गर्ल' के नाम पद्मिनी का भावुक संदेश : हेमा मालिनी को बताया यादों और प्रेरणा का अनमोल चेहरा, 60 साल के फिल्मी सफर को किया सलाम

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे ने दिग्गज अदाकारा हेमा मालिनी के प्रति अपना सम्मान और स्नेह व्यक्त करते हुए एक भावुक संदेश साझा किया है। सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में उन्होंने हेमा मालिनी के लंबे फिल्मी सफर, यादगार किरदारों और भारतीय सिनेमा में उनके अमूल्य योगदान की दिल खोलकर सराहना की। पद्मिनी ने कहा कि हेमा मालिनी केवल 'ड्रीम गर्ल' नहीं हैं, बल्कि वह ऐसी शख्सियत हैं जिनकी फिल्मों और अभिनय के साथ कई पीढ़ियां बड़ी हुई हैं।
'आपने सिनेमा को परिवार जैसा बना दिया'
पद्मिनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक कार्यक्रम का वीडियो साझा किया, जिसमें वह मंच पर हेमा मालिनी को गले लगाती नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा कि 'सीता और गीता' की निडरता, 'शोले' की मुस्कान और 'खुशबू' की संवेदनशीलता जैसी फिल्मों ने दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए जगह बना ली है। उन्होंने लिखा कि हेमा मालिनी ने अपने अभिनय से सिनेमा को ऐसा अपनापन दिया, जिसे दर्शक आज भी महसूस करते हैं।
मंच पर साझा की पुरानी यादें
कार्यक्रम के दौरान पद्मिनी ने हेमा मालिनी, धर्मेंद्र और उनके पूरे परिवार से जुड़ी अपनी कई पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने कहा कि इस परिवार से उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा खास रहा है और उन्हें सभी से बेहद स्नेह मिला। इस अवसर पर पद्मिनी ने एक गीत भी प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
10 जुलाई को होगा विशेष सम्मान समारोह
मुंबई में 10 जुलाई को आयोजित होने वाला विशेष चैरिटी कॉन्सर्ट हेमा मालिनी के भारतीय सिनेमा में 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में धर्मेंद्र के फिल्मी योगदान को भी सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा। कार्यक्रम का निर्माण, निर्देशन और संचालन रेडियो होस्ट एवं लेखक अनिरुद्ध चावला करेंगे।
इस विशेष शाम में फिल्म जगत की कई दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी। समारोह के दौरान जितेंद्र, शत्रुघ्न सिन्हा, राकेश रोशन, रमेश सिप्पी, सुभाष घई, जावेद अख्तर, उमेश मेहरा, संजय खान और आनंदजी वीरजी शाह जैसी नामचीन हस्तियों को भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर और उसके सितारों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उनकी विरासत से परिचित कराने का भी एक विशेष अवसर माना जा रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
