'370 की बिरयानी' बयान पर विवाद : सोशल मीडिया से गायब हुए प्रणित मोरे, एक्ट्रेस बोली "बहुत मज़ा आ रहा है"

स्टैंडअप कॉमेडियन और ‘बिग बॉस’ फेम प्रणित मोरे इन दिनों एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। एक स्टैंडअप शो के वीडियो के वायरल होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। ट्रोलिंग बढ़ने के बाद उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी अचानक गायब हो गया है। इसी बीच कंटेंट क्रिएटर कुशा कपिला ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए तंज कसा है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
यह मामला एक स्टैंडअप कॉमेडी शो से शुरू हुआ। शो के दौरान एक शख्स ने अपने डेटिंग अनुभव को लेकर एक बयान दिया, जिसे कई लोगों ने महिलाओं के लिए अपमानजनक बताया। इस दौरान प्रणित मोरे भी वहां मौजूद थे और उन्हें उस बात पर हंसते हुए देखा गया। यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने उनकी आलोचना शुरू कर दी। इसके बाद यह मामला तेजी से बड़ा विवाद बन गया।
माफी के बाद भी जारी रही ट्रोलिंग
विवाद बढ़ने के बाद प्रणित मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। लेकिन इसके बावजूद सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग कम नहीं हुई। लगातार बढ़ते दबाव के बीच अब उनका ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट भी गायब हो गया है। हालांकि उनके फैन पेज अभी भी सोशल मीडिया पर मौजूद हैं।
ये खबर भी पढ़ें: 370 रुपये की बिरयानी पर बवाल : वायरल वीडियो ने बढ़ाई मुश्किलें, युवक को गंवानी पड़ी नौकरी
कुशा कपिला ने दिया रिएक्शन
इस पूरे विवाद पर कंटेंट क्रिएटर और एक्ट्रेस कुशा कपिला ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया स्टोरी के जरिए इस मामले पर बात की। कुशा ने कहा कि ऐसे कंटेंट को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह कोई असली कॉमेडी नहीं है, बल्कि सिर्फ रिएक्शन पाने के लिए बनाया गया कंटेंट है।

अपने पोस्ट में उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा “बहुत मजा आ रहा है” और साथ में बिरयानी ऑर्डर करने की बात भी कही, जिससे उनका इशारा और भी चर्चा में आ गया।
कंपनी ने लिया एक्शन
विवाद बढ़ने के बाद संबंधित व्यक्ति की कंपनी ने भी इस मामले से दूरी बना ली है। कंपनी का कहना है कि ऑफिस में उसके व्यवहार को लेकर कोई शिकायत नहीं थी, लेकिन सार्वजनिक विवाद के कारण उनकी छवि पर असर पड़ रहा था। इस वजह से कंपनी ने साफ कर दिया है कि वह इस पूरे मामले से खुद को अलग रख रही है।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
