25 साल बाद भी कायम है दोस्ती की मिसाल, : स्मृति ईरानी के लिए एकता कपूर ने कहा- मेरी तुलसी, तुम्हारा साथ मेरे लिए गर्व की बात

मुंबई। मनोरंजन जगत की दो चर्चित हस्तियां, अभिनेत्री-राजनेता स्मृति ईरानी और टीवी निर्माता एकता कपूर, एक बार फिर अपनी गहरी दोस्ती को लेकर चर्चा में हैं। दोनों की यह दोस्ती दो दशक से अधिक समय से कायम है और हाल ही में सोशल मीडिया पर इसका एक खूबसूरत उदाहरण देखने को मिला।
दरअसल, एकता कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर स्मृति ईरानी की एक पोस्ट को रीशेयर किया। इस पोस्ट में स्मृति ने एकता को उनके नए बिजनेस वेंचर के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता की सराहना की थी। स्मृति ने लिखा कि एकता हमेशा से प्रतिभा और सफलता की मिसाल रही हैं और अब वह दूसरों को भी आगे बढ़ने का अवसर दे रही हैं।
मेरी तुलसी कहकर जताया खास रिश्ता
स्मृति के इस प्यार भरे संदेश का जवाब देते हुए एकता कपूर ने भावुक अंदाज में लिखा, मेरी तुलसी, तुम्हारा साथ मेरे लिए गर्व की बात है। इसके साथ उन्होंने दिल वाले इमोजी भी साझा किए। एकता का यह संबोधन टीवी इतिहास के सबसे लोकप्रिय किरदारों में से एक श्तुलसी विरानीश् की याद दिलाता है, जिसे स्मृति ईरानी ने निभाया था।
क्योंकि सास भी कभी बहू थी ने बदली थी दोनों की किस्मत
साल 2000 में शुरू हुआ धारावाहिक क्योंकि सास भी कभी बहू थी भारतीय टेलीविजन का एक ऐतिहासिक शो माना जाता है। बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले बने इस सीरियल ने लोकप्रियता के नए रिकॉर्ड स्थापित किए थे। शो में स्मृति ईरानी द्वारा निभाया गया तुलसी विरानी का किरदार घर-घर में पहचाना जाने लगा था।
रिश्तों में आए उतार-चढ़ाव, लेकिन दोस्ती रही बरकरार
हालांकि, शो के सुनहरे दौर में स्मृति और एकता के बीच रचनात्मक मतभेदों की खबरें भी सामने आई थीं। इसी कारण स्मृति ने कुछ समय के लिए शो छोड़ दिया था और उनकी जगह अभिनेत्री गौतमी कपूर को तुलसी की भूमिका सौंपी गई थी। बावजूद इसके, समय के साथ दोनों के रिश्ते फिर मजबूत हुए और आज उनकी दोस्ती पहले से कहीं अधिक गहरी नजर आती है।
25 साल बाद फिर लौटी तुलसी
दिलचस्प बात यह है कि क्योंकि सास भी कभी बहू थी के पहले प्रसारण के 25 वर्ष पूरे होने पर अगस्त 2025 में इसका दूसरा सीजन शुरू किया गया। नए सीजन में स्मृति ईरानी एक बार फिर तुलसी विरानी के रूप में नजर आ रही हैं, जबकि अमर उपाध्याय ने भी मिहिर के किरदार में वापसी की है। यह वापसी दर्शकों के लिए पुरानी यादों को ताजा करने का अवसर बन गई है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
