Bigg Boss 20 में गुल्लू का बड़ा खुलासा : ब्रेकअप से भी बुरा था तलाक का दर्द’, परिवार के खिलाफ जाकर लिया था फैसला

मुंबई। सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस-20’ में नजर आ रहे हैं। शो में वह अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा बड़ा खुलासा करने के बाद चर्चा में हैं। तौकीर काजी के साथ बातचीत के दौरान गुल्लू ने अपनी शादी, तलाक और उस दौर में सामने आई मुश्किलों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि तलाक का अनुभव उनके लिए ब्रेकअप से भी ज्यादा दर्दनाक था। इस दौरान उन्होंने परिवार से मतभेद और अपने जीवन पर पड़े असर का भी जिक्र किया।
‘मेरा बहुत बुरा दिल टूटा था’
तौकीर काजी से बातचीत में गुल्लू ने अपने पुराने रिश्ते के बारे में बात करते हुए कहा, "मेरा बहुत बुरा दिल टूटा था। ये ब्रेकअप से भी बुरा था, जब मेरा तलाक हुआ था।" उनकी बात सुनकर तौकीर हैरान रह गए और उन्होंने शादी के बारे में सवाल किया। इसके बाद गुल्लू ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं का खुलासा किया।
2024 में हुआ तलाक, परिवार के दबाव में की थी शादी
गुल्लू ने बताया कि उनका तलाक वर्ष 2024 में हुआ था। उन्होंने कहा कि उनकी शादी करीब चार से पांच महीने में ही खत्म हो गई थी। उन्होंने अपने उस दौर को बेहद मुश्किल बताया और कहा कि उन्हें लगता था कि रिश्ता बचाने की कोशिश करनी चाहिए, लेकिन बाद में समझ आया कि यह आगे नहीं चल पाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार की वजह से उन्हें शादी करनी पड़ी थी। गुल्लू के मुताबिक, तलाक को लेकर परिवार और उनके बीच मतभेद थे। जहां वह शादी खत्म करना चाहते थे, वहीं उनका परिवार इसके खिलाफ था।
रोडीज के दौरान लीक हुई थीं तस्वीरें
गुल्लू ने बताया कि जब वह ‘रोडीज’ शो कर रहे थे, उसी दौरान उनके तलाक की प्रक्रिया चल रही थी। उन्होंने कहा कि वह रोडीज गैंग के साथ गोवा में थे, तभी किसी ने उनकी तस्वीरें लीक कर दीं। इस घटना के बाद उन्हें लगा था कि उनके लिए सब कुछ खत्म हो गया है और वह समझ नहीं पा रहे थे कि क्या करें।
परिवार से रिश्ता टूटा, एक साल तक चला विवाद
इन्फ्लूएंसर ने दावा किया कि तलाक के फैसले को लेकर परिवार ने उनका साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि एक समय परिवार ने उनसे पूरी तरह रिश्ता तोड़ लिया था। गुल्लू के अनुसार, इन सभी मामलों को सुलझाने में करीब एक साल लग गया और इस पूरी प्रक्रिया का उन पर गहरा असर पड़ा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
