उनके साथ काम करना बुरे सपना जैसा, : दीया मिर्जा ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी पर बोला हमला, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

मुंबई। बॉलीवुड में एक नया विवाद चर्चा का विषय बन गया है। अभिनेत्री दीया मिर्जा ने बुधवार को अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करने के अनुभव को बुरे सपने जैसा बताया। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अभिनेता के व्यवहार और उनके रवैये पर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद इंटरनेट मीडिया पर बहस छिड़ गई और कई यूजर्स ने दीया मिर्जा को निशाने पर लेना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने इस पोस्ट को प्रचार की रणनीति तक करार दिया है।
नवाजुद्दीन को टैग कर कही तीखी बात
दीया मिर्जा ने इंस्टाग्राम पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी को टैग करते हुए लिखा कि उनके साथ काम करना उनके लिए किसी बुरे सपने जैसा अनुभव रहा। अभिनेत्री ने अभिनेता के बातचीत करने के तरीके और व्यवहार पर सवाल उठाते हुए उन्हें आपत्तिजनक व्यक्ति बताया।
हालांकि, दीया ने अपनी पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि किस फिल्म, परियोजना या घटना के संदर्भ में उन्होंने यह टिप्पणी की है। उन्होंने अब तक इस मामले में कोई विस्तृत सफाई भी नहीं दी है। वहीं, नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ओर से भी इस पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यूजर्स ने बताया प्रचार का तरीका
दीया की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स का मानना है कि यह किसी आगामी फिल्म, परियोजना या विज्ञापन के प्रचार का हिस्सा हो सकता है। एक यूजर ने टिप्पणी की कि आजकल हर चीज प्रचार का हिस्सा लगती है। एक अन्य यूजर ने कलाकारों के अनुयायियों की संख्या का जिक्र करते हुए पोस्ट पर सवाल उठाए। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि अब दर्शक प्रचार के ऐसे तरीकों को आसानी से पहचानने लगे हैं।
अभिनय को लेकर भी हुई खिंचाई
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस विवाद में दीया मिर्जा के अभिनय को भी निशाने पर लिया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि नवाजुद्दीन का अभिनय दीया के अभिनय से बेहतर है। फिलहाल इस पूरे मामले में दोनों कलाकारों की ओर से कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि दीया की नाराजगी के पीछे वास्तविक विवाद है या उनकी पोस्ट किसी प्रचार अभियान का हिस्सा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
