गुरुवार, 25 जून 202607:02:28 PM
Download App
Home/मनोरंजन

मां होने का दर्द : जब बेटी ने साथ सोने से किया इनकार, छलक उठा स्मिता बंसल का दिल, निजी जिंदगी का भावुक किस्सा किया साझा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 25, 2026
10:05 AM
जब बेटी ने साथ सोने से किया इनकार, छलक उठा स्मिता बंसल का दिल, निजी जिंदगी का भावुक किस्सा किया साझा

मुंबई। टेलीविजन अभिनेत्री स्मिता बंसल ने हाल ही में एक टीवी टॉक शो में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने हर कामकाजी मां के संघर्ष को सामने ला दिया। लोकप्रिय धारावाहिक बालिका वधू में श्सुमित्राश् का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री ने बताया कि अपने करियर की व्यस्तताओं के कारण उन्हें कई बार परिवार और बच्चों से दूर रहना पड़ा, जिसका दर्द आज भी उनके दिल में है।

एक टीवी कार्यक्रम में बातचीत के दौरान स्मिता ने कहा कि एक कलाकार के रूप में वह हमेशा अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित रही हैं। लंबे शूटिंग शेड्यूल और लगातार प्रोफेशनल जिम्मेदारियों के कारण कई बार उन्हें अपने परिवार और बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पाने का अफसोस रहा। उन्होंने स्वीकार किया कि एक मां के रूप में यह उनके जीवन की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक रही है।

बेटी की बात ने तोड़ दिया दिल

स्मिता ने एक बेहद भावुक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार जब वह शूटिंग से लौटकर घर आईं तो उन्होंने अपनी बेटी को खुद सुलाने का फैसला किया। लेकिन उस समय उनकी बेटी ने उनके साथ सोने से मना कर दिया और अपनी दादी के साथ सोने की इच्छा जताई। अभिनेत्री ने कहा कि उस पल उन्हें महसूस हुआ कि लगातार काम में व्यस्त रहने के कारण उनके और बेटी के बीच भावनात्मक दूरी आ गई है।

उन्होंने बताया कि यह एहसास उनके लिए बेहद दर्दनाक था और एक मां के तौर पर उन्हें अंदर तक झकझोर गया। उस घटना ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि करियर की दौड़ में कहीं न कहीं परिवार के साथ बिताए जाने वाले अनमोल पल छूट गए।

किरदारों ने सिखाया जीवन का सच

अभिनेत्री ने कहा कि अपने करियर में उन्होंने कई मजबूत महिला किरदार निभाए हैं, जिन्होंने उन्हें जीवन की वास्तविक ताकत को समझने में मदद की। उनके अनुसार असली मजबूती बड़े-बड़े शब्दों में नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में किए जाने वाले त्याग, धैर्य और जिम्मेदारियों को निभाने में छिपी होती है।

परिवार है सबसे बड़ी प्राथमिकता

स्मिता का मानना है कि महिलाएं अक्सर बिना शिकायत किए परिवार और जिम्मेदारियों के लिए बहुत कुछ त्याग देती हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ वह अपने निभाए गए किरदारों से खुद को जोड़ने लगी हैं, क्योंकि वास्तविक जीवन में भी उन्हें वही संघर्ष और जिम्मेदारियां महसूस हुईं। बता दें कि स्मिता ने वर्ष 2002 में अंकुश मोहला से विवाह किया था और उनकी दो बेटियां हैं, जिनके साथ समय बिताना आज उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें