रिटायरमेंट के बाद भी आग उलग रहा स्टोक का बल्ला : घरेलू क्रिकेट में तूफानी शतक ठोक टीम को दिलाई रोमांचक जीत, मुश्किल में फंस गई थी टीम

डर्बी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के कुछ ही दिन बाद इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनकी क्रिकेट के प्रति प्रतिबद्धता और जुनून अभी भी बरकरार है। घरेलू क्रिकेट में वापसी करते हुए स्टोक्स ने अपने पहले ही मुकाबले में शानदार नाबाद शतक जड़कर डरहम को डर्बीशायर के खिलाफ पांच विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। उनकी 108 रन की जिम्मेदार पारी ने न केवल टीम को जीत दिलाई, बल्कि यह संदेश भी दिया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़ने के बावजूद उनका खेल अभी भी उसी स्तर का है।
मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए दिखाया दम
डर्बी के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में डर्बीशायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए। जवाब में 257 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डरहम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 98 रन के स्कोर तक अपने तीन अहम बल्लेबाज गंवा दिए और मैच धीरे-धीरे डर्बीशायर की ओर झुकता नजर आने लगा। ऐसे कठिन समय में बेन स्टोक्स ने मोर्चा संभाला। उन्होंने एक छोर मजबूती से संभाले रखा और दूसरे बल्लेबाजों के साथ उपयोगी साझेदारियां करते हुए टीम को जीत की राह पर बनाए रखा।
क्रैम्प के दर्द के बीच खेली मैच जिताऊ पारी
स्टोक्स ने 123 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चैके और तीन शानदार छक्के शामिल रहे। बल्लेबाजी के दौरान वह लंबे समय तक क्रैम्प की समस्या से जूझते रहे, लेकिन इसके बावजूद मैदान छोड़ने के बजाय संघर्ष जारी रखा। दर्द के बावजूद उन्होंने अपना शतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहते हुए डरहम को 49.1 ओवर में पांच विकेट पर 257 रन तक पहुंचा दिया। टीम ने पांच गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। स्टोक्स के अलावा विल रोड्स ने 45 रन, कॉलिन एकरमैन ने 28 रन और केसी एल्ड्रिज ने नाबाद 23 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
गेंद से भी निभाई जिम्मेदारी
स्टोक्स ने इस मुकाबले में केवल बल्ले से ही नहीं बल्कि गेंद से भी टीम के लिए योगदान दिया। उन्होंने नौ ओवर में मात्र 38 रन खर्च किए और बेहद किफायती गेंदबाजी की। हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उनकी सधी हुई गेंदबाजी ने डर्बीशायर को बड़ा स्कोर बनाने से रोके रखा। इससे पहले डर्बीशायर की ओर से मार्टिन एंडरसन ने शानदार 112 रन बनाए, जबकि ब्रुक गेस्ट ने 48 रन का योगदान दिया। डरहम के लिए ल्यूक रॉबिन्सन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 44 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए।
12 साल बाद डरहम के लिए यादगार वापसी
यह मुकाबला स्टोक्स के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने लगभग 12 साल बाद डरहम के लिए 50 ओवर का मुकाबला खेला। वापसी को उन्होंने शानदार शतक के साथ यादगार बना दिया और अपने घरेलू प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दिया।
घरेलू क्रिकेट में भी बरकरार है वही जुनून
संन्यास के बाद अक्सर खिलाड़ी धीरे-धीरे प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूरी बना लेते हैं, लेकिन बेन स्टोक्स ने अपनी पहली ही पारी से यह साफ कर दिया कि उनके अंदर अभी भी जीत की वही भूख और संघर्ष का वही जज्बा मौजूद है। उनकी यह शतकीय पारी घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए भी एक यादगार प्रदर्शन बन गई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
