रोहित शर्मा : लॉर्ड्स के मैदान से हिटमैन ने आलोचकों को दिया करारा जवाब, रिटायरमेंट की अफवाहों पर बोले- मेरा बल्ला ही देगा जवाब

लंदन। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और टिमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और निर्णायक मुकाबले में 138 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी शानदार पारी से उन आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया, संन्यास लेने की अफवाहें फैला रहे थे। उन्होंने आलाचकों पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें शोर मचाने दीजिए, मेरा काम सिर्फ प्रदर्शन करना है।
बता दें कि पिछले कुछ समय से यह खबरे उड़ रही थीं कि कि लॉर्ड्स वनडे रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है, लेकिन उन्होंने 138 रनों की पारी खेलकर अफवाह फैलाने वालों को करारा जवाब दिया हे।
बीसीसीआई द्वारा जारी किए गए एक वीडियो में रोहित शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे करियर में केवल एक ही बात को महत्व दिया है और वह है मैदान पर प्रदर्शन। उन्होंने कहा, मेरा काम बल्ले से प्रदर्शन करना है। मैदान पर उतरना, अपने देश का प्रतिनिधित्व करना और टीम के लिए खेलना। डेब्यू के दिन से मुझे यही जिम्मेदारी मिली है और मैं आगे भी यही करता रहूंगा। रोहित ने साफ कहा कि मैदान के बाहर होने वाली चर्चाएं और अफवाहें उनके खेल को प्रभावित नहीं करतीं। उनके लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता टीम की सफलता में योगदान देना है।
आलोचकों को दिया दो टूक जवाब
39 वर्षीय रोहित शर्मा ने कहा कि जब से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा है, तब से उनके खेल, फिटनेस, कप्तानी और भविष्य को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। लेकिन उन्होंने कभी इन आवाजों को अपने प्रदर्शन पर हावी नहीं होने दिया।
रोहित ने कहा, जब से मैंने डेब्यू किया है, तब से यह शोर हमेशा रहा है और जब तक मैं खेलूंगा, तब तक चलता रहेगा। इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मेरे लिए सबसे अहम बात यह है कि मैं मैदान पर क्या करता हूं और टीम की सफलता में कितना योगदान देता हूं।
शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा
अपने खास अंदाज में रोहित ने आलोचनाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, शोर होने दीजिए। अगर शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के अंदर है, बाहर क्या कहा जा रहा है, वह दूसरों का काम है। मैं उसी पर ध्यान देता हूं जो मेरे नियंत्रण में है। रोहित के इस बयान को उनके संन्यास को लेकर चल रही चर्चाओं का सीधा जवाब माना जा रहा है।
हार के बीच रोहित की पारी बनी सबसे बड़ी चर्चा
लॉर्ड्स वनडे में भारत को जीत के लिए 388 रनों का कठिन लक्ष्य मिला था। दबाव के बीच रोहित शर्मा ने 138 रनों की यादगार पारी खेलते हुए अपने वनडे करियर का 34वां शतक जड़ा। हालांकि उनकी यह शानदार पारी टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सकी और भारत को मुकाबले के साथ-साथ सीरीज भी 1-2 से गंवानी पड़ी।
फिर भी रोहित की बल्लेबाजी और उनके बेबाक बयान ने यह साफ कर दिया कि वह फिलहाल रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उनका लक्ष्य सिर्फ भारतीय टीम के लिए लगातार रन बनाना और बड़े मुकाबलों में जीत दिलाना है। लॉर्ड्स में खेली गई यह पारी उनके आलोचकों के लिए बल्ले से दिया गया सबसे दमदार जवाब साबित हुई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
