गुरुवार, 25 जून 202606:52:06 PM
Download App
Home/विदेश

भारत में 48 अरब डाॅलर निवेश करेगा अमेजन : डिजिटल इकोनाॅमी के क्षे़त्र के लिए गुड न्यूज, पीएम मोदी से मुलाकात के बाद सीईओ ने किया ऐलान

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 25, 2026
11:11 AM
डिजिटल इकोनाॅमी के क्षे़त्र के लिए गुड न्यूज,  पीएम मोदी से मुलाकात के बाद सीईओ ने किया ऐलान

नई दिल्ली। भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। एंडी जेसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर भारत में बड़े निवेश की घोषणा की है। अमेजन ने वर्ष 2030 तक देश में 48 अरब डॉलर निवेश करने की योजना का ऐलान किया है। यह निवेश ई-कॉमर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर केंद्रित होगा।

मुलाकात के दौरान एंडी जेसी ने भारत में कंपनी की भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि आगामी वर्षों में 21 अरब डॉलर से अधिक की राशि एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर खर्च की जाएगी। यह निवेश भारत को उभरती डिजिटल तकनीकों और एआई नवाचारों के क्षेत्र में नई मजबूती प्रदान करेगा। कंपनी के अनुसार 2026 से 2030 के बीच किया जाने वाला यह निवेश भारत में एआई और क्लाउड क्षेत्र के सबसे बड़े वैश्विक निवेशों में से एक होगा।

लाखों रोजगार सृजित करने का लक्ष्य

अमेजन ने केवल निवेश ही नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का भी लक्ष्य तय किया है। कंपनी का कहना है कि वर्ष 2030 तक वह भारत में 38 लाख नौकरियों का समर्थन करेगी। इसके साथ ही 80 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स निर्यात को बढ़ावा देने की योजना भी बनाई गई है। कंपनी का लक्ष्य 1.5 करोड़ छोटे व्यवसायों को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ना और 40 लाख सरकारी स्कूलों के छात्रों तक एआई तकनीक के लाभ पहुंचाना भी है।

मुंबई और हैदराबाद में होगा विस्तार

अमेजन वेब सर्विसेज के डेटा सेंटर नेटवर्क का विस्तार मुंबई और हैदराबाद में किया जाएगा। इससे स्टार्टअप, उद्योग और सरकारी संस्थानों को आधुनिक एआई चिप्स, क्लाउड तकनीक, डेवलपर टूल्स और सुरक्षित डिजिटल सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे भारत में तकनीकी नवाचार और डिजिटल परिवर्तन की गति और तेज होगी।

छोटे शहरों तक पहुंचेगी तेज डिलीवरी

अमेजन अपने ई-कॉमर्स नेटवर्क को मजबूत करने के लिए भी बड़े स्तर पर निवेश कर रही है। कंपनी इस वर्ष देशभर में 20 से अधिक नए फुलफिलमेंट सेंटर और 100 से ज्यादा नए लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसका लाभ विशेष रूप से टियर-3 और टियर-4 शहरों के ग्राहकों को मिलेगा, जहां तेज और भरोसेमंद डिलीवरी सेवाएं उपलब्ध होंगी।

भारत में निवेश का आंकड़ा पहुंचेगा 88 अरब डॉलर के पार

कंपनी के अनुसार 2010 से 2030 के बीच भारत में उसका कुल निवेश 88 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा। अमेजन का कहना है कि उसने अब तक 1.2 करोड़ छोटे व्यवसायों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा है, 20 अरब डॉलर से अधिक के ई-कॉमर्स निर्यात को बढ़ावा दिया है और 28 लाख रोजगारों का समर्थन किया है।

एंडी जेसी ने कहा कि भारत अमेजन के लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है और कंपनी लंबे समय तक देश की डिजिटल प्रगति, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में भागीदार बनी रहेगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें