भारत-वियतनाम रिश्तों में नया अध्याय : व्यापार, संस्कृति और रक्षा में ऐतिहासिक समझौता, पीएम मोदी-राष्ट्रपति तो लाम रहे मौजूद

नई दिल्ली। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक ने भारत-वियतनाम संबंधों को नई दिशा दी। दोनों नेताओं की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण समझौतों (एमओयू) का आदान-प्रदान हुआ, जिनका उद्देश्य दोनों देशों के बीच सहयोग को और अधिक व्यापक एवं परिणाममुखी बनाना है। बैठक के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने इन समझौतों को भविष्य के लिए निर्णायक बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति तो लाम का भारत आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वियतनाम के राष्ट्रपति बनने के बाद उनका यह पहला उच्च स्तरीय दौरा है, जिसमें एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल और व्यापारिक नेता भी शामिल हैं। पीएम मोदी ने बताया कि राष्ट्रपति ने अपनी भारत यात्रा की शुरुआत बोधगया से की, जो दोनों देशों की साझा बौद्ध विरासत और आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पिछले वर्ष भारत से भेजे गए बौद्ध अवशेषों के दर्शन वियतनाम में लगभग 1.5 करोड़ लोगों ने किए थे, जो वहां की जनसंख्या का एक बड़ा हिस्सा है। यह दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।
ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण और डिजिटलीकरण
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत और वियतनाम मिलकर चम्पा सभ्यता से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों जैसे मी सॉन और अन्य मंदिरों के संरक्षण पर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही चम्पा सभ्यता की पांडुलिपियों को डिजिटल रूप में सुरक्षित करने की दिशा में भी पहल की जा रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस समृद्ध विरासत से जुड़ी रह सकें।
व्यापार और आर्थिक सहयोग में तेजी
पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार पिछले एक दशक में दोगुना होकर लगभग 16 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। अब लक्ष्य इसे 2030 तक 25 अरब डॉलर तक ले जाने का है। उन्होंने यह भी बताया कि कृषि, मत्स्य पालन और औद्योगिक उत्पादों के निर्यात को सरल बनाने पर सहमति बनी है, जिससे दोनों देशों के आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे। इसके अलावा दवाइयों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए ड्रग अथॉरिटीज के बीच समझौता हुआ है। इससे वियतनाम में भारतीय दवाओं की पहुंच और आसान होगी।
रक्षा, सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी में वियतनाम एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। दोनों देश इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और कानून के शासन के पक्षधर हैं। रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने पर भी सहमति बनी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत, वियतनाम के सहयोग से आसियान देशों के साथ अपने संबंधों को और व्यापक बनाएगा। इस बैठक ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत और वियतनाम केवल पारंपरिक मित्र नहीं बल्कि भविष्य के रणनीतिक साझेदार हैं, जो मिलकर क्षेत्रीय स्थिरता, आर्थिक विकास और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
दोनों देशों के बीच 13 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। जो इस प्रकार से हैं-
आईआरईएल (इंडिया) लिमिटेड और वियतनाम के इंस्टीट्यूट फॉर टेक्नोलॉजी ऑफ रेडियोएक्टिव एंड रेयर एलिमेंट्स (आईटीआरआरई) के बीच आपसी सहयोग पर समझौता।
भारत के संस्कृति मंत्रालय और वियतनाम के संस्कृति, खेल और पर्यटन मंत्रालय के बीच 2026-30 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और वियतनाम के स्टेट बैंक (एसबीवी) के बीच भुगतान प्रणालियों और डिजिटल भुगतान में नवाचार के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) और वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत औषधि प्रशासन (डीएवी) के बीच चिकित्सा उत्पाद विनियमन के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और हो ची मिन्ह सिटी पीपल्स कमेटी के बीच मित्रता और सहयोग बढ़ाने पर समझौता।
आईसीसीआर और यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड एजुकेशन (दा नांग विश्वविद्यालय) के बीच 'आईसीसीआर चेयर ऑफ इंडिया स्टडीज' की स्थापना पर समझौता।
राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय और हनोई स्थित हो ची मिन्ह नेशनल एकेडमी ऑफ पॉलिटिक्स (एचसीएमए) के बीच समझौता।
एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) और वियतनाम के नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन (एनएपीएएस) के बीच समझौता
भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) कार्यालय और वियतनाम के राज्य लेखा परीक्षा कार्यालय के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की लेखा परीक्षा के क्षेत्र में समझौता।
भारत के पर्यटन मंत्रालय और वियतनाम के खेल, संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के बीच पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
आईसीसीआर और यूनिवर्सिटी ऑफ सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के बीच 'आईसीसीआर चेयर ऑफ इंडियन स्टडीज' की स्थापना पर समझौता।
भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वियतनाम के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के बीच डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
संस्कृति मंत्रालय के 'ज्ञान भारतम' और वियतनाम नेशनल यूनिवर्सिटी (हो ची मिन्ह सिटी) के तहत यूनिवर्सिटी ऑफ सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के बीच 'चाम पांडुलिपियों' को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने पर समझौता।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
