बुधवार, 4 नवंबर 202601:53:38 PM
Download App
Home/विदेश

ट्रंप की पार्टी को हराया! : भारतीय मूल की बेटी पिया डांडिया की अमेरिकी संसद में एंट्री, 51.9% वोट से जीत

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Nov 04, 2026
11:24 AM
भारतीय मूल की बेटी पिया डांडिया की अमेरिकी संसद में एंट्री, 51.9% वोट से जीत

वॉशिंगटन। अमेरिका की राजनीति में भारतीय मूल की महिलाओं ने एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। भारतीय-अमेरिकी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पिया डांडिया ने फ्लोरिडा की 22वीं कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट सीट से चुनाव जीत लिया है। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार और कारोबारी केसी अस्कर को हराकर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में अपनी जगह बनाई है।

39 वर्षीय पिया डांडिया को चुनाव में 51.9 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी केसी अस्कर को 48.1 प्रतिशत वोट हासिल हुए। उनकी इस जीत के साथ ही अमेरिकी संसद में भारतीय मूल की महिलाओं का प्रतिनिधित्व और बढ़ गया है।

दूसरी भारतीय-अमेरिकी महिला बनीं पिया डांडिया

पिया डांडिया अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी जाने वाली दूसरी भारतीय-अमेरिकी महिला बन गई हैं। उनसे पहले डेमोक्रेटिक सांसद प्रमिला जयपाल ने यह उपलब्धि हासिल की थी। पिया की जीत को अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल के समुदाय की बढ़ती भागीदारी के तौर पर भी देखा जा रहा है।

कौन हैं पिया डांडिया?

पिया डांडिया का जन्म और पालन-पोषण फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में हुआ। उनके माता-पिता भारत से अमेरिका जाकर बस गए थे। राजनीति में आने से पहले पिया शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी रही हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक शिक्षिका के रूप में की और बाद में न्यूयॉर्क के हार्लेम में हाई स्कूल की प्रिंसिपल के तौर पर जिम्मेदारी संभाली।

पिया ने शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े क्षेत्रों में भी काम किया है। इसके अलावा वह व्हाइट हाउस फेलो के रूप में अमेरिकी शिक्षा विभाग से जुड़ी रहीं और टेक्नोलॉजी कंपनी एप्पल में भी काम कर चुकी हैं।

फ्लोरिडा की नई सीट से हासिल की जीत

फ्लोरिडा की 22वीं कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट सीट नए परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। इस सीट पर डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पिया डांडिया और रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर के बीच मुकाबला हुआ। चुनाव में पिया ने 51.9 प्रतिशत वोट हासिल कर जीत दर्ज की।

उनकी जीत के साथ अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में भारतीय मूल की एक और महिला की एंट्री हुई है। यह उपलब्धि न केवल पिया डांडिया के राजनीतिक सफर के लिए अहम है, बल्कि अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के बढ़ते प्रतिनिधित्व को भी दर्शाती है।

Associated Press, NBC News, DD India.

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें