शनिवार, 26 सितंबर 202610:57:41 PM
Download App
Home/विदेश

विराट का मिशन 2027 : भारत को विश्व चैंपियन बनाने भरी हुंकार, बोले- जो भी करना पड़े, उसके लिए मैं तैयार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 26, 2026
10:12 AM
भारत को विश्व चैंपियन बनाने भरी हुंकार, बोले- जो भी करना पड़े, उसके लिए मैं तैयार

नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने विश्व कप 2027 को लेकर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि साउथ अफ्रीका में होने वाला अगला वनडे विश्व कप उनके करियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है। ऐसे में भारत को विश्व कप जिताना के लिए मैं पूरी ताकत लगा दूंगा। विराट कोहली ने यह हुंकार जियोस्टार से बात करने के दौरान भरी।

स्टार बल्लेबाज ने कहा कि 50 ओवर का विश्व कप दुनिया के किसी भी दूसरे क्रिकेट टूर्नामेंट से अलग और बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। लंबे टूर्नामेंट में लगातार उच्च स्तर की ऊर्जा और प्रदर्शन बनाए रखना खिलाड़ियों के लिए बड़ी परीक्षा होती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में वनडे क्रिकेट की गति भी काफी तेज हो गई है और मुकाबलों में टी20 जैसी तीव्रता देखने को मिलती है।

10 मुकाबलों तक बरकरार रखनी होती है वही तीव्रता

कोहली ने 50 ओवर के विश्व कप की चुनौती को समझाते हुए कहा कि टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों को करीब 10 मैचों तक लगातार उसी स्तर की ऊर्जा और एकाग्रता बनाए रखनी होती है। उनके अनुसार एकदिवसीय क्रिकेट में अब बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में तेजी बढ़ गई है, जिससे खिलाड़ियों पर शारीरिक और मानसिक दबाव भी बढ़ता है।

उनका कहना है कि विदेशी परिस्थितियों में होने वाला विश्व कप चुनौती को और कठिन बना देता है। अलग पिच, मौसम और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने के लिए खिलाड़ियों को अतिरिक्त तैयारी करनी पड़ती है।

‘भारत के लिए आखिरी वर्ल्ड कप’ सबसे बड़ी प्रेरणा

विराट कोहली ने कहा कि 2027 का विश्व कप उनके लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने संकेत दिया कि यह उनके करियर का आखिरी वनडे विश्व कप हो सकता है। यही वजह है कि वह इस टूर्नामेंट को यादगार बनाने के लिए पूरी ताकत लगाने की तैयारी में हैं।

कोहली ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य भारत को विश्व कप जिताना है। इसके लिए उन्हें मैदान पर जिस तरह का योगदान देना होगा, वह उसके लिए तैयार हैं। विश्व कप जैसे बड़े मंच पर लंबे समय तक लगातार प्रदर्शन करने की उनकी क्षमता पहले भी भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण रही है।

विश्व कप में कोहली का शानदार रिकॉर्ड

विराट कोहली विश्व कप इतिहास के सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक 37 विश्व कप वनडे मैचों में 59.83 की औसत से 1,795 रन बनाए हैं। उनके नाम पांच शतक और 12 अर्धशतक हैं, जबकि विश्व कप में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन रहा है।

अपने पूरे वनडे करियर में कोहली ने 302 पारियों में 58.59 की औसत से 14,941 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 54 शतक और 79 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर 183 रन है और स्ट्राइक रेट 93.95 रहा है।

टी20 विश्व कप में भी रहा प्रभाव

कोहली का टी20 विश्व कप रिकॉर्ड भी उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने 35 मैचों में 58.73 की औसत से 1,292 रन बनाए हैं। उनके नाम 15 अर्धशतक हैं, जो टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा हैं। उन्हें 2014 और 2016 में दो बार टूर्नामेंट का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें