पटाखा दुकानों में लगी भीषण आग : बगल में पेट्रोल पंप होने से मचा कोहराम,इंदौर-भोपाल हाईवे पर लगा लम्बा जाम

भोपाल। राजधानी के कोहेफिजा थाना क्षेत्र के लालघाटी-हलालपुर इलाके में शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यहां संचालित पटाखा दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत 'सोनी पटाखा दुकान' से हुई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान में रखे पटाखों में लगातार हो रहे तेज धमाकों और आसमान में उठती आतिशबाजी से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
स्थिति इसलिए और अधिक गंभीर हो गई, क्योंकि आग लगी दुकान के ठीक बगल में एक पेट्रोल पंप स्थित है। किसी भी बड़े हादसे और संभावित जनहानि को रोकने के लिए दमकल विभाग की टीमों ने पेट्रोल पंप और आसपास के क्षेत्र में लगातार पानी की बौछारें कीं। एहतियातन प्रशासन ने पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी।

शहरभर की दमकलें मौके पर पहुंचीं
आग की भयावहता को देखते हुए भोपाल नगर निगम ने शहर के सभी फायर स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा और दमकल वाहनों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने में सफलता हासिल की।
सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर यातायात रोका गया
घटना के दौरान प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए भोपाल-इंदौर और इंदौर-भोपाल मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और हाईवे पर आवाजाही थम गई।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए गए, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
