सीएम की पहल से एमपी में सड़क परियोजनाओं को रफ्तार : गडकरी ने दिए तेजी से काम के निर्देश, सिंहस्थ से पर्यटन तक सड़क कनेक्टिविटी का रोडमैप

भोपाल। मध्यप्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने और प्रमुख शहरों, धार्मिक स्थलों व पर्यटन क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार ने योजनाओं को गति देने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की पहल से प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान हो रही है।
मुख्यमंत्री निवास में हुई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में प्रदेश में चल रहे और प्रस्तावित सड़क प्रोजेक्टों की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने गडकरी को प्रदेश की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति के साथ भविष्य में सड़क नेटवर्क के विस्तार की योजनाओं की जानकारी दी।
गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा पर जोर
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क परियोजनाओं में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रत्येक परियोजना का डिजाइन सड़क सुरक्षा के तकनीकी मानकों के अनुरूप तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर स्थानीय लोगों की समस्याओं के कारण परियोजनाओं का काम प्रभावित हो रहा है, वहां संवाद और समन्वय के माध्यम से समाधान निकाला जाए।
भूमि अधिग्रहण और वन स्वीकृति से जुड़े मामलों में राज्य सरकार के अधिकारियों को संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों के साथ लगातार समन्वय रखने के निर्देश दिए गए। गडकरी ने कहा कि इन प्रक्रियाओं के कारण परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
सिंहस्थ से पहले उज्जैन की कनेक्टिविटी पर फोकस
सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन से जुड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों के निर्माण और सुधार कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी कहा गया कि बेहतर सड़क नेटवर्क से धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। गडकरी ने अटल एक्सप्रेस-वे को बटेश्वर तक ले जाने की योजना पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का बटेश्वर से विशेष संबंध रहा है।
कान्हा के लिए तीन दिशाओं से बेहतर सड़क संपर्क
कान्हा राष्ट्रीय उद्यान की कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए नागपुर, जबलपुर और रायपुर से बेहतर सड़क संपर्क विकसित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। बालाघाट जिले में मजबूत सड़क नेटवर्क तैयार करने के लिए भी आवश्यक योजना बनाने को कहा गया। जबलपुर के शहपुरा आरओबी के क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित आवागमन को देखते हुए गडकरी ने शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली स्थगित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित यात्रियों को राहत मिल सके।
कई प्रमुख परियोजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक में देवास जिले में संदलपुर-नसरुल्लागंज बायपास, उज्जैन-झालावाड़ फोरलेन, सतना-चित्रकूट फोरलेन और जबलपुर-लखनादौन-रायपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। इसके अलावा लौनी-बुरहानपुर लिंक को लेकर भी चर्चा हुई।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
