अक्टूबर के पहले ही दिन महंगाई का तड़का : काॅमर्शियल सिलेंडर के दाम 62.50 रुपए बढ़े, विमान ईंधर भी हुआ महंगा

नई दिल्ली। अक्टूबर महीने के पहले ही दिन आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लग गया है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरे तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। नई कीमतें गुरुवार से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है।
व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत में लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी हुई है। सितंबर में भी इसके दाम में 9.50 रुपये की वृद्धि की गई थी। हालांकि, इससे पहले जुलाई में कीमत 183.50 रुपये और अगस्त में 192 रुपये प्रति सिलेंडर घटाई गई थी। इससे कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
फरवरी से जून के बीच 1,373 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी
इस वर्ष व्यावसायिक गैस की कीमतों में बड़ी तेजी देखने को मिली थी। फरवरी से जून के बीच 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम में कुल 1,373 रुपये की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान इसकी कीमत 1,740.50 रुपये से बढ़कर 3,113.50 रुपये तक पहुंच गई थी। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में तेजी को इसके प्रमुख कारणों में माना गया।
घरेलू गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत
व्यावसायिक सिलेंडर के विपरीत घरेलू रसोई गैस की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर ही बनी हुई है। हालांकि, मार्च से जून के बीच घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कुल 89 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। पश्चिम एशिया से जुड़ी आपूर्ति बाधाओं और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी के बीच यह वृद्धि हुई थी।
विमान ईंधन भी 16 रुपये प्रति लीटर महंगा
तेल कंपनियों ने विमान ईंधन के दाम में भी 16 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद घरेलू विमान कंपनियों के लिए विमान ईंधन की कीमत 121 रुपये से बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई है। सितंबर में भी इसमें 6.28 रुपये प्रति लीटर यानी 5.46 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी, जबकि अगस्त में 5 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी की गई थी।
विमान कंपनियों के खर्च पर पड़ सकता है असर
विमान ईंधन किसी भी विमान कंपनी के परिचालन खर्च का करीब 40 प्रतिशत तक हिस्सा होता है। ऐसे में ईंधन की कीमत बढ़ने से विमान कंपनियों के कुल खर्च पर असर पड़ सकता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
