यूपी चुनाव के लिए तैयार एआईएमआईएम : गांधी जयंती पर ओवैसी खोलेंगे रणनीति का पत्ता, विपक्षी दलों को साथ आने दी सलाह

नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव संग्राम को लेकर छोटे से बड़े राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने भी अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने यहां तक ऐलान कर दिया है कि उनकी पार्टी यूपी में गठबंधन को लेकर अपने फैसले की घोषणा 2 अक्टूबर तक कर देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एआईएमआईएम चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है और राज्य में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ राजनीतिक पहुंच बढ़ाने पर काम कर रही है।
असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि “हम 2 अक्टूबर तक यह बता देंगे कि हम किसके साथ गठबंधन करेंगे।” हालांकि, उन्होंने संभावित गठबंधन में शामिल दलों या सीटों के बंटवारे को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
ओवैसी ने मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधित्व का उठाया मुद्दा
ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में मुस्लिम समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में बड़ी आबादी होने के बावजूद मुस्लिम समुदाय को राजनीतिक तौर पर पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। उनका कहना है कि समुदाय के भीतर से राजनीतिक नेतृत्व उभरना चाहिए और उसे राजनीतिक ताकत मिलनी चाहिए।
‘उम्मीद है हमारे उम्मीदवार विधानसभा पहुंचेंगे’
एआईएमआईएम चीफ ने कहा कि पार्टी चुनाव की तैयारियों में जुटी है और उसे उम्मीद है कि इस बार उसके उम्मीदवार उत्तर प्रदेश विधानसभा में पहुंचेंगे। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और लोगों तक पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया।
ओवैसी ने विपक्षी दलों के बीच सहयोग की जरूरत का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि कोई एक राजनीतिक दल अकेले भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला नहीं कर सकता और विपक्षी दलों को मिलकर काम करने पर विचार करना चाहिए। ।प्डप्ड ने भी संकेत दिया है कि वह समान विचारधारा वाले राजनीतिक समूहों के साथ चुनावी तालमेल के लिए तैयार है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
