हाटपिपल्या को मिली विकास की रफ्तार : सीएम मोहन ने किया 32 किमी लंबे मार्ग का भूमिपूजन, 25 गांवों के 70 हजार ग्रामीणों की राह होगी आसान

भोपाल। गणेश उत्सव और सेवा-संकल्प अभियान में हाटपिपल्या क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने सोमवार को करीब 98 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 32 किलोमीटर लंबे राजौदा-केलोद-डबल चैकी मार्ग का भूमि-पूजन किया। सीएम कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि किसी भी क्षेत्र के विकास और समृद्धि का आधार होती हैं। सड़कें गांवों को शहरों से जोड़ने के साथ व्यापार, रोजगार और विकास के नए रास्ते खोलती हैं।
25 गांवों के 70 हजार ग्रामीणों को सीधा लाभ
नए मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के करीब 25 गांवों की लगभग 70 हजार ग्रामीण आबादी को लाभ मिलेगा। सड़क बनने के बाद देवास जिला मुख्यालय आने-जाने में करीब 40 से 45 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में समय और दूरी दोनों की बचत होगी। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलती है। गांवों से बाजारों, जिला मुख्यालय और बड़े शहरों तक पहुंच आसान होने से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
सुखलिया-टिगरिया मार्ग की भी घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाटपिपल्या क्षेत्र के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए सुखलिया से टिगरिया मार्ग के निर्माण की घोषणा की। करीब 12 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 11.40 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस सड़क से करीब 20 गांवों की 20 हजार से अधिक आबादी को सीधा फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाटपिपल्या के विकास में राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने जुलाई माह में सन्नौड़ के विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट सांदीपनि विद्यालय भवन की सौगात का भी उल्लेख किया।
सेवा-संकल्प अभियान से जुड़ने का आह्वान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप प्रदेश में सबका साथ, सबका विकास के भाव को साकार करने की बात कही। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वामित्व योजना के अंतर्गत 50 लाख ग्रामीण अभिलेखों की निरूशुल्क रजिस्ट्री कराई जा रही है।
उन्होंने माताओं, बहनों, युवाओं और बुजुर्गों से सेवा-संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, हाटपिपल्या विधायक मनोज चैधरी, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विधायक मनोज चैधरी को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
