24 साल बाद अफ्रीका में विश्व कप का महाकुंभ: : 2027 ODI वर्ल्ड कप के 12 वेन्यू का ऐलान, मुकाबलों में दिखेगा क्रिकेट का महासंग्राम, नए फॉर्मेट से बढ़ेगा रोमांच

दुबई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 पुरुष वनडे विश्व कप के लिए मेजबान देशों और मैचों के वेन्यू की आधिकारिक घोषणा कर दी है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के मुकाबले कुल 12 स्टेडियमों में खेले जाएंगे। यह विश्व कप 24 साल बाद दक्षिण अफ्रीका की धरती पर लौट रहा है। इससे पहले वर्ष 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने संयुक्त रूप से वनडे विश्व कप की मेजबानी की थी।
जोहानिसबर्ग में आयोजित भव्य समारोह में तीनों मेजबान देशों के वेन्यू का अनावरण किया गया। इस दौरान दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर ग्रीम स्मिथ, मखाया एनटिनी, हाशिम अमला, तेम्बा बावुमा और कगिसो रबाडा के अलावा जिम्बाब्वे के हैमिल्टन मासाकाद्जा और नामीबिया के रुडोल्फ जानसेन वान वुरेन भी मौजूद रहे।
तीनों देशों में फैले होंगे विश्व कप के मुकाबले
विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका के आठ स्टेडियम चुने गए हैं। इनमें जोहानिसबर्ग का वांडरर्स स्टेडियम, सेंचुरियन का सुपरस्पोर्ट पार्क, केपटाउन का न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड, डरबन का किंग्समीड, गकेबेर्हा का सेंट जॉर्ज पार्क, ब्लोमफोंटेन का मंगाउंग ओवल, पार्ल का बोलैंड पार्क और बफेलो पार्क शामिल हैं।
जिम्बाब्वे में हरारे स्पोर्ट्स क्लब, क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो) और फाले मोसी-ओआ-टुन्या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (विक्टोरिया फॉल्स) मैचों की मेजबानी करेंगे। वहीं, नामीबिया की राजधानी विंडहोक स्थित नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पहली बार विश्व कप मुकाबलों का गवाह बनेगा।
नए फॉर्मेट से बढ़ेगा टूर्नामेंट का रोमांच
आईसीसी ने 2027 विश्व कप के लिए नया और अधिक प्रतिस्पर्धी प्रारूप भी लागू किया है। पूरे टूर्नामेंट में 57 मुकाबले खेले जाएंगे। शुरुआत सुपर सीरीज से होगी, जिसमें रैंकिंग में 12वें से 14वें स्थान पर रहने वाली तीन टीमें राउंड-रॉबिन प्रारूप में भिड़ेंगी। विजेता टीम मुख्य चरण में प्रवेश करेगी।
इसके बाद 12 टीमों को छह-छह के दो ग्रुप में बांटकर लीग चरण खेला जाएगा। दोनों ग्रुप की शीर्ष तीन-तीन टीमें और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम सुपर-7 चरण में पहुंचेगी। इस चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी और विजेता टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी।
जय शाह बोले- ऐतिहासिक होगा यह आयोजन
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि 24 साल बाद दक्षिण अफ्रीका में विश्व कप की वापसी क्रिकेट जगत के लिए बेहद खास पल है। उन्होंने विश्वास जताया कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर ऐसा आयोजन करेंगे जो क्रिकेट प्रेमियों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा। उनके मुताबिक यह टूर्नामेंट अफ्रीकी देशों की मेहमाननवाजी, खेल संस्कृति और क्रिकेट के प्रति जुनून को दुनिया के सामने शानदार तरीके से पेश करेगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
