MP के चार महानगरों में बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट : पन्ना से CM की बड़ी घोषणाएं: बुंदेलखंड में विकास की रफ्तार बढ़ाने का ऐलान

भोपाल/पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बुंदेलखंड के विकास, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, पर्यटन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी गौरवशाली संस्कृति और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना के साथ विश्व कल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के लिए भोपाल, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 35 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में करीब 210 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों और आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए। कृषि कल्याण वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री को हल भेंट कर सम्मानित किया गया।
केन-बेतवा परियोजना से बदलेगा बुंदेलखंड
डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड वीर महाराज छत्रसाल और आल्हा-ऊदल की धरती है। पानी की कमी के कारण कभी यहां से लोगों को पलायन करना पड़ा, लेकिन सरकार ने इस समस्या को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के संकल्प के अनुरूप केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने वाली है। करीब एक लाख करोड़ रुपए की इस परियोजना में केंद्र सरकार ने 90 प्रतिशत राशि देने की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के कारण प्रभावित होने वाले लोगों को जमीन, मकान और दुकान का उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से जमीन बेचने का विचार छोड़कर आने वाले समय में कृषि से समृद्धि हासिल करने की अपील की।
पन्ना में पर्यटन को मिलेगा नया आकर्षण
मुख्यमंत्री ने पन्ना के बृहस्पति कुंड में करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से विकसित ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह अनोखा ग्लास फ्लोर पन्ना के पर्यटन को नई पहचान देगा और इसे देखने देश-विदेश से पर्यटक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पन्ना के प्राकृतिक जलप्रपात वैश्विक पर्यटन केंद्र बनने की क्षमता रखते हैं।
184 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने पन्ना में कुल 184.83 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें गुन्नौर और पवई में करीब 74 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले दो सांदीपनि विद्यालय भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार भी दिए जाएंगे।
युवाओं के लिए रोजगार पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में करीब 10 हजार नए पद मंजूर किए गए हैं। पिछले वर्ष 8 हजार पदों पर भर्ती हुई और प्रदेश में एक लाख से अधिक शासकीय पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए पर्यटन, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दे रही है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए दूध उत्पादन को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। पशुपालन, मछली पालन और कृषि के साथ औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
