अटल पथ से बदलेगी इंदौर की तस्वीर : सीएम डॉ. यादव की बड़ी सौगात, भारत रत्न के आदर्शों को किया याद

भोपाल/इंदौर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर को 60 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड को जोड़ने वाले 16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित ‘अटल पथ’ का लोकार्पण किया। साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का भूमि पूजन भी किया।
अटल पथ सहित सात विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अटल जी के नाम पर अटल पथ का लोकार्पण करते हुए उन्हें विशेष प्रसन्नता हो रही है। लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से सात विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन इंदौर के विकास को नई गति देगा। करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से टिगरिया बादशाह मुख्य मार्ग से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका तक बनने वाली सड़क सिंहस्थ के दौरान भी बेहद उपयोगी साबित होगी। फूटी कोठी चौराहे से संत श्री सेवालाल ब्रिज के सर्विस रोड का भी लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से भूमि पूजन किया गया।
भारत रत्न के आदर्शों को किया याद
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल जी का इंदौर से गहरा संबंध रहा है। वे उत्कृष्ट राजनेता, कवि, लेखक और कुशल वक्ता होने के साथ लोकतंत्र की गरिमा स्थापित करने वाले अजातशत्रु नेता थे। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की भूमिका को पूरी गरिमा के साथ निभाने का आदर्श प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने परमाणु शक्ति संपन्न भारत, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी दूरदर्शी योजनाओं के माध्यम से देश को मजबूत आधार दिया।
इंदौर में आधुनिक कनेक्टिविटी को मिल रही रफ्तार
डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर महानगर के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इंदौर-उज्जैन क्षेत्र में आधुनिक कनेक्टिविटी और अधोसंरचना परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना, दिल्ली मार्ग से सीधी रेल कनेक्टिविटी, इंदौर-उज्जैन मार्ग का सुदृढ़ीकरण और इंदौर-पीथमपुर आर्थिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं भविष्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।
धार्मिक पर्यटन को भी मिल रहा नया आयाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर से ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होना धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है। इससे श्रद्धालुओं को दोनों ज्योतिर्लिंगों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। ओंकारेश्वर में करीब 2700 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
खुली जीप में पहुंचे मुख्यमंत्री, नागरिकों ने की पुष्पवर्षा
कार्यक्रम स्थल पहुंचने के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव खुली जीप में सवार होकर जनता का अभिवादन करते हुए मुख्य मंच तक पहुंचे। मार्ग के दोनों ओर मौजूद नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। सड़क निर्माण सहित विकास कार्यों की सौगात मिलने पर नागरिकों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में ‘जागो सन्यासी जागो’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर आत्मीय स्वागत किया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
