मंगलवार, 4 अगस्त 202609:48:25 PM
Download App
Home/देश

टीम इंडिया ने स्पिन के चार हथियार किए तैयार : श्रीलंका टेस्ट फतह करने की बड़ी तैयारी, मेहमान बल्लेबाजों की होगी कठिन परीक्षा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 04, 2026
08:11 AM
श्रीलंका टेस्ट फतह करने की बड़ी तैयारी, मेहमान बल्लेबाजों की होगी कठिन परीक्षा

नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। श्रृंखला का पहला मुकाबला 15 से गॉल में खेला जाएगा। जबकि दूसरा और अंतिम मुकाबला 23 से कोलंबो के एसएससी मैदान पर होगा। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी तैयारियों को नया आकार दे दिया है।

स्पिन के लिए मशहूर श्रीलंकाई पिचों को ध्यान में रखते हुए टीम प्रबंधन ने अभ्यास सत्र में चार अलग-अलग शैली के स्पिन गेंदबाजों को शामिल किया है। अभ्यास शिविर में विपराज निगम, शिवांग कुमार, हर्ष दुबे और तनुष कोटियन को अभ्यास गेंदबाज के रूप में टीम से जोड़ा गया है। चारों गेंदबाज अपनी अलग-अलग गेंदबाजी शैली के कारण बल्लेबाजों के लिए अलग तरह की चुनौती पेश करेंगे।

हर तरह की स्पिन का होगा सामना

खास बात यह है कि इन गेंदबाजों का उद्देश्य भारतीय बल्लेबाजों को हर तरह की स्पिन गेंदबाजी का सामना कराना है, ताकि वे मैच से पहले पूरी तरह तैयार हो सकें। हर्ष दुबे बाएं हाथ के पारंपरिक स्पिनर हैं, जबकि तनुष कोटियन दाएं हाथ से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं। विपराज निगम लेग स्पिनर हैं और शिवांग कुमार बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर हैं। इन चारों की मौजूदगी से बल्लेबाजों को एक ही अभ्यास सत्र में स्पिन की अलग-अलग शैली का सामना करने का अवसर मिलेगा।

टीम प्रबंधन का मानना है कि श्रीलंका की धीमी और टर्न लेने वाली पिचों पर बल्लेबाजों की तकनीक और धैर्य दोनों की परीक्षा होगी। ऐसे में अभ्यास के दौरान ही उन्हें मैच जैसी परिस्थितियां उपलब्ध कराने की रणनीति अपनाई गई है।

शुभमन गिल के हाथों में कमान

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे, जबकि केएल राहुल उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण देखने को मिलेगा। बल्लेबाजी विभाग में यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि गेंदबाजी की जिम्मेदारी रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, सारांश जैन और आकिब नबी संभालेंगे। साई सुदर्शन का चयन उनकी फिटनेस मंजूरी के अधीन रहेगा।

भारतीय टीम के लिए यह श्रृंखला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी बेहद अहम मानी जा रही है। ऐसे में टीम किसी भी तरह की तैयारी में कमी नहीं छोड़ना चाहती। यही वजह है कि इस बार अभ्यास शिविर में स्पिन गेंदबाजी पर विशेष फोकस किया गया है।

भारत की टेस्ट टीम

कप्तानः शुभमन गिल

उपकप्तानः केएल राहुल

अन्य खिलाड़ीः यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन’, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी।

भारतीय टीम को उम्मीद है कि स्पिन के खिलाफ यह विशेष तैयारी श्रीलंका की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उसे बढ़त दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें