असमः सीआरपीएफ कैंप में एएसआई का खूनी खेल : साथियों पर गोलियां बरसाकर ली दो की जान, खुद को भी लगाया मौत के गले....

गुवाहाटी। असम के नगांव जिले में स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक कैंप में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ने अचानक अपने ही साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में पूरा कैंप गोलियों की आवाज से गूंज उठा और अफरा-तफरी मच गई। इस खौफनाक वारदात में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी एएसआई ने खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में कुल तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल जवान का अस्पताल में इलाज जारी है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गार्ड रूम से उठाई राइफल, फिर शुरू कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग
अधिकारियों के अनुसार, घटना नगांव जिले के कटीमारी स्थित सीआरपीएफ की 34वीं बटालियन के कैंप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एएसआई बल्लानी प्रेमाबरम, जो आंध्र प्रदेश का निवासी था, मुख्य द्वार पर ड्यूटी पर तैनात था। वह अपनी निर्धारित सर्विस राइफल के बिना पाया गया। इसके बाद वह गार्ड रूम पहुंचा, वहां से एक इंसास राइफल उठाई और क्वार्टर गार्ड के पीछे पहुंचकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
दो जवानों की गई जान, एक गंभीर रूप से घायल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले हेड कांस्टेबल विष्णु प्रसाद बघेल पर गोली चलाई, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दस्तावेजों के सत्यापन के लिए कैंप पहुंचे सब-इंस्पेक्टर रामनवल सिंह यादव को निशाना बनाया। गंभीर रूप से घायल यादव ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फायरिंग के दौरान 171वीं बटालियन के एएसआई माने गोविंद श्रीपुल भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
खुद को भी मारी गोली, जांच में जुटीं एजेंसियां
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एएसआई 171वीं बटालियन की बैरक में पहुंचा और उसी इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे कैंप को सुरक्षा घेरे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने अपने ही साथियों पर गोली क्यों चलाई और घटना के पीछे क्या कारण थे। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
