मप्र में जमीन सौदेबाजी पर सियासी पारा हाई : सीएम मोहन के बचाव में उतरी भाजपा, कांग्रेस ने की न्यायिक जांच की मांग

भोपाल। मध्य प्रदेश जमीन सौदेबाजी पर सियासी पारा हाई हो गया है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हालांकि कांग्रेस द्वारा सीएम पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा ने भी मोर्चा संभाल लिया है। सत्ता से लेकर संगठन तक के नेता मैदान में उतर गए हैं। इसी क्रम में पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने सीएम का बचाव करते हुए कहा कि यदि किसी के पास गड़बड़ी के ठोस सबूत हैं तो जांच होने में किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप भी लगाया।

जबलपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राकेश सिंह ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने गलत तरीके से संपत्ति अर्जित की है या किसी जमीन सौदे में अनियमितता हुई है तो सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तथ्यों के आधार पर जांच होना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। लेकिन केवल राजनीतिक बदनामी या भ्रम फैलाने के उद्देश्य से आरोप लगाना उचित नहीं है। मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक अभियान में बदलने की कोशिश कर रहा है, जबकि जनता को तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर जानकारी मिलनी चाहिए।
कांग्रेस ने उठाई न्यायिक जांच की मांग
पिछले दो दिनों से यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पहले भोपाल और फिर दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चूंकि मामला प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़ा हुआ है, इसलिए निष्पक्षता बनाए रखने के लिए न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए। कांग्रेस का आरोप है कि मुख्यमंत्री के कुछ परिजनों ने उन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जमीन खरीदी है, जहां बाद में सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं को मंजूरी मिली।
भाजपा ने आरोपों को बताया राजनीतिक षड्यंत्र
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि यह विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने की सुनियोजित कोशिश है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वीडियो संदेश जारी कर आरोपों को भ्रामक और तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना प्रमाण के राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
