यूपी फतह करने BJP ने कसी कमर : तैयारियों को धार देने मथुरा जुटेंगे पार्टी के दिग्गज, नितिन नवीन भी देंगे चुनाव जीतने का मंत्र

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर गुलाबी ठंड के बीच सियासी पारा हाई होने लगा है। राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियों को पुख्ता करना तेज कर दिया है। इसी क्रम में सत्तारूढ़ दल भाजपा ने यूपी के सिंहासन पर तीसरी बार काबिज होने के लिए संगठनात्मक स्तर पर रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इतना ही नहीं भाजपा 16 और 17 नवंबर को मथुरा में कोर ग्रुप की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करने जा रही है। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश और संगठन के कई बड़े नेता शामिल होंगे। बैठक के आखिरी दिन पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के भी शामिल होने की संभावना है।
योगी, दोनों डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष होंगे मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शामिल होंगे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित कोर ग्रुप के अन्य सदस्य भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मौजूदा स्थिति और चुनावी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

ब्रज और पश्चिमी यूपी पर रहेगा खास फोकस
बैठक में मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इनमें चुनावी रणनीति तैयार करना, संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाना और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पार्टी की राजनीतिक स्थिति का आकलन करना शामिल है। खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण ब्रज क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है। इन क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी चुनावों की चुनौतियों पर चर्चा हो सकती है।
गोरखपुर में भी चुनावी तैयारियों का ले चुके हैं जायजा
इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोकतंत्र बचाओ यात्रा के दौरान गोरखपुर में पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की थी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी समेत कई नेता मौजूद रहे थे।
गोरखपुर दौरे के दौरान नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया था। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी ने अपने आवास पर प्रमुख नेताओं के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया था।
चुनावी मोड में आएगा भाजपा संगठन
मथुरा की बैठक के बाद भाजपा प्रदेशभर में संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियों को तेज कर सकती है। पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार रणनीति तैयार करने पर रहेगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
