सोमवार, 24 अगस्त 202610:54:19 PM
Download App
Home/देश

2028 के रण की तैयारी : ऐतिहासिक नगरी में भाजपा तैयार करेगी चुनावी जमीन, 30-31 अगस्त को जुटेंगे 400 दिग्गज, युवा वोटरों पर रहेगा फोकस

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 24, 2026
07:15 AM
ऐतिहासिक नगरी में भाजपा तैयार करेगी चुनावी जमीन, 30-31 अगस्त को जुटेंगे 400 दिग्गज, युवा वोटरों पर रहेगा फोकस

भोपाल। मध्यप्रदेश में भाजपा ने 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन की कमर कसना शुरू कर दी है। इसी रणनीति को धार देने के लिए पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक 30 और 31 अगस्त को ऐतिहासिक नगरी ओरछा में होगी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अध्यक्षता में होने वाली पहली कार्यसमिति बैठक में संगठन की मजबूती से लेकर चुनावी तैयारियों तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन होगा। बैठक में करीब 400 नेता जुटेंगे। युवा मतदाताओं को साधने, संगठन का विस्तार करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।

बैठक में सबसे अहम मुद्दा विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियां होंगी। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी चुनाव के लिए जमीन तैयार करने पर चर्चा कर सकती है। इसके साथ ही सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर भी विचार किया जाएगा।

400 से ज्यादा नेताओं की मौजूदगी

ओरछा में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, दोनों उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी शामिल होंगे। करीब 400 नेताओं और प्रमुख पदाधिकारियों के पहुंचने की संभावना है। बैठक की व्यवस्थाओं और प्रस्तावित एजेंडे को अंतिम रूप देने के लिए 25 अगस्त को प्रदेश भाजपा की अहम बैठक होगी।

युवा मतदाताओं को साधने की तैयारी

कार्यसमिति में युवाओं को पार्टी से जोड़ना प्रमुख विषयों में शामिल रहेगा। विशेष रूप से जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी के साथ संवाद बढ़ाने की रणनीति पर मंथन होगा। पार्टी युवाओं तक पहुंचने के लिए नए कार्यक्रमों और संवाद के आधुनिक तरीकों पर चर्चा कर सकती है।

सहकारिता और नगरीय चुनाव भी एजेंडे में

बैठक में सहकारिता क्षेत्र, नगरीय निकाय चुनाव और प्रदेश से जुड़े अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। सरकार के कामकाज की समीक्षा के साथ संगठन की अब तक की गतिविधियों का भी आकलन किया जाएगा। पार्टी आने वाले समय में किन क्षेत्रों में अपनी गतिविधियां तेज करेगी, इसका खाका भी तैयार किया जा सकता है।

सरकारी योजनाओं की दिखेगी झलक

कार्यसमिति बैठक के दौरान मध्यप्रदेश सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके जरिए पार्टी सरकार के कामकाज को संगठन के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामने प्रभावी ढंग से रखने की तैयारी में है।

ओरछा में तैयारियां तेज

बैठक में शामिल होने वाले करीब 400 नेताओं और अतिथियों के ठहरने के लिए अलग-अलग होटलों में व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा संगठन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। ओरछा की यह बैठक आने वाले दिनों में भाजपा की संगठनात्मक और चुनावी दिशा तय करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें