12 साल की बच्ची की हत्या से भड़का आक्रोश : थाने के बाहर चक्काजाम-तोड़फोड़, आरोपी को फांसी देने की मांग, बैरागढ़ में खंडहर के पीछे मिला था शव

भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ थाना क्षेत्र में 12 साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने थाने के बाहर चक्काजाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी को फांसी देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान एक गाड़ी और कुछ कुर्सियों में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यौन हिंसा की आशंका, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
बच्ची के साथ यौन हिंसा किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घर से निकली बच्ची रातभर नहीं लौटी
जानकारी के मुताबिक, बच्ची गुरुवार रात करीब आठ बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की और देर रात बैरागढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहर में मिला। बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। घटना की जानकारी सामने आते ही क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
संदिग्ध को छोड़ने के दावे पर पुलिस का इनकार
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि पुलिस सुबह एक संदिग्ध युवक को थाने लाई थी, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। लोगों ने संदिग्ध का नाम मोइन बताया, जो 12 नंबर कैंप में रहता है। हालांकि, पुलिस ने संदिग्ध को छोड़े जाने के दावे को खारिज किया है। एसीपी रत्नेश तोमर ने बताया कि मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नाबालिग से जुड़ा संवेदनशील मामला होने के कारण जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल सभी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जा सकतीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
