राज्यपाल से मिले सीएम : लोकभवन में यूसीसी से लेकर विकास तक हुआ मंथन, मोहन ने राहुल को भी दी कड़ी नसीहत

भोपाल। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव मंगलवार को लोकभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। सीएम ने राज्यपाल को गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिवादन किया। इस सौजन्य भेंट के दौरान सीएम ने राज्यपाल को प्रदेश के विकास, जनकल्याण और महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), हर घर तिरंगा अभियान, स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम, विकास कार्य, नई भर्तियां और पदोन्नति सहित प्रदेश में कम बारिश की स्थिति पर भी चर्चा हुई। इस दौरान राज्यपाल के सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे।
राज्यपाल को यूीसीसी से लेकर विकास कार्यों की जानकारी
राज्यपाल से मुलाकात करने के बाद सीएम डाॅ. यादव ने मीडिया को बताया कि राज्यपाल को विधानसभा के माध्यम से पारित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है और इसकी तैयारियों से भी राज्यपाल को अवगत कराया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में विकास की दिशा में उठाए जा रहे कदमों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मेट्रोपॉलिटन सिटी की दिशा में किए जा रहे प्रयासों और अन्य विकासपरक कार्यों को लेकर भी राज्यपाल के साथ विचार-विमर्श हुआ।
कम बारिश और लंबित मामलों पर भी मंथन
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और कार्य पारित किए गए हैं। प्रदेश में इस वर्ष सामान्य से करीब 15 प्रतिशत कम बारिश की स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। सरकार इस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में लंबे समय से लंबित भर्ती और पदोन्नति के मामलों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पुरानी लंबित प्रक्रियाओं को सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है। सभी विभागों में नई भर्तियां करना भी सरकार की प्राथमिकता है।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों पर भी चर्चा
राज्यपाल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां जारी हैं और सरकार सभी स्तरों पर कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने में जुटी है।
राहुल पर सीएम का जोरदार हमला
राज्यपाल से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार होने वाली बयानबाजी से विपक्ष के नेता के पद की गरिमा प्रभावित होती है। उन्होंने राहुल गांधी से सदन और जनता के बीच अपने व्यवहार में मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विपक्ष के नेता का पद लोकतांत्रिक व्यवस्था में बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में इस पद पर बैठे व्यक्ति का आचरण सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी इस बात को समझेंगे और आगे अपने पद की गरिमा का ध्यान रखेंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
