शनिवार, 20 जून 202607:33:29 PM
Download App
Home/देश

श्रीमहाकालेश्वर मंदिर में भक्ति और आस्था संगम : केन्द्रीय मंत्री के साथ शयन आरती में शामिल हुए सीएम मोहन, भगवान के सामने हुए नतमस्तक

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 20, 2026
06:53 AM
केन्द्रीय मंत्री के साथ शयन आरती में शामिल हुए सीएम मोहन, भगवान के सामने हुए नतमस्तक

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में शुक्रवार देर शाम भक्ति और श्रद्धा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर देर शाम बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री प्रतिभा बागरी भी मौजूद रहीं। सभी ने बाबा महाकाल की शयन आरती में भाग लेकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने अतिथियों का सम्मान भी किया। सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उज्जैन को वैश्विक स्तर पर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

महाकाल लोक में देखा भव्य लाइट एंड साउंड शो

महाकाल मंदिर पहुंचने से पहले अतिथियों ने महाकाल लोक का भ्रमण किया। यहां आयोजित लाइट एंड साउंड शो ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। आधुनिक तकनीक और धार्मिक कथाओं के अद्भुत समन्वय से तैयार इस प्रस्तुति की अतिथियों ने सराहना की। शो के माध्यम से भगवान शिव से जुड़ी कथाओं और उज्जैन की धार्मिक महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर हुई चर्चा

शयन आरती के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ सिंहस्थ 2028 की तैयारियों और उज्जैन के विकास कार्यों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर धार्मिक, सांस्कृतिक और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर कार्य कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं और हर स्तर पर सहयोग का भरोसा भी जताया है। उनका कहना था कि आगामी सिंहस्थ को भव्य, सुव्यवस्थित और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

भक्ति और विकास का संगम

महाकाल मंदिर में आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा और विकास के संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आया। बाबा महाकाल के दर्शन और शयन आरती में सहभागिता के साथ-साथ उज्जैन के भविष्य को लेकर हुई चर्चाओं ने यह संकेत दिया कि आने वाले वर्षों में धर्मनगरी को नए स्वरूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जाएंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें