मध्यप्रदेश अपडेट : इंदौर-उज्जैन कॉरिडोर को मिली रफ्तार, NEET री-एग्जाम की तैयारी पूरी, घर बैठे मिलेगा डीजल और मानसून का इंतजार जारी

इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से बदलेगी मालवा की तस्वीर: खट्टर
इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के भूमि पूजन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मध्य प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास और सांस्कृतिक विरासत के संतुलित मॉडल के साथ आगे बढ़ रहा है। खट्टर के अनुसार यह कॉरिडोर इंदौर और उज्जैन के बीच आवागमन को बेहतर बनाने के साथ-साथ मालवा क्षेत्र की आर्थिक और धार्मिक गतिविधियों को भी नई गति देगा।
कैंसर की दवाओं की बढ़ती कीमतों पर सरकार घिरी
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कैंसर उपचार में उपयोग होने वाली जरूरी दवाओं की बढ़ी कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि महंगी दवाओं का सबसे अधिक असर गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर पड़ रहा है। सिंघार ने मांग की है कि दवाओं की कीमतों में राहत मिलने तक आयुष्मान योजना के तहत कैंसर मरीजों के इलाज की वित्तीय सीमा बढ़ाई जाए।
NEET री-एग्जाम को लेकर प्रशासन अलर्ट
21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा के लिए प्रशासन ने सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इंदौर में शुरू हुई घर तक डीजल पहुंचाने की सुविधा
मध्य प्रदेश में पहली बार इंदौर शहर में ‘जिप्प फ्यूल’ सेवा की शुरुआत की गई है। इस सुविधा के तहत उपभोक्ता अब घर, कार्यालय या अन्य निर्धारित स्थान पर डीजल की आपूर्ति प्राप्त कर सकेंगे। भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) की यह पहल ईंधन वितरण को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मानसून की एंट्री में अभी कुछ दिन और इंतजार
मध्य प्रदेश में मानसून के आगमन को लेकर मौसम विभाग ने नई जानकारी जारी की है। विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून 25 जून के आसपास दस्तक दे सकता है। फिलहाल राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं, जिससे बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। इसके चलते लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
