दतिया पहुंचे यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ : पीताम्बरा पीठ में मां बगलामुखी की पूजा-अर्चना, प्रदेश की खुशहाली की कामना

दतिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे। दतिया हवाई पट्टी पर पहुंचने पर जिला प्रशासन और भाजपा नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद योगी आदित्यनाथ सीधे विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने मां बगलामुखी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वागत
दतिया हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह और विधायक प्रदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे। विधायक प्रदीप अग्रवाल ने योगी आदित्यनाथ का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
हवाई पट्टी से योगी आदित्यनाथ सीधे विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने मां बगलामुखी की विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पीताम्बरा पीठ में दर्शन के बाद योगी आदित्यनाथ वानखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ललितपुर के लिए रवाना हो गए। योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
