लाड़ली बहनों को सौगात : सीएम मोहन ने 1.25 बहनों के खाते में ट्रांसफर किए 1835 करोड़, भिंड के लिए खोला खजाना

भिंड। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को रविवार को लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को योजना की 38वीं किस्त के रूप में 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की। राज्य स्तरीय कार्यक्रम भिंड के लाहार में आयोजित किया गया। इस दौरान सीएम ने भिंड जिले को 322 करोड़ रुपये लागत के 56 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें चार सांदीपनि विद्यालयों के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण भी शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महिलाएं परिवार की रीढ़ और सम्मान का आधार होती हैं। सनातन संस्कृति में महिलाओं को देवी का स्वरूप माना गया है। प्रदेश सरकार महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी महिलाओं को सशक्त बनाना अपनी प्राथमिकता मानते हैं और चाहते हैं कि ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक प्रभावी पहल साबित हो रही है। योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता से परिवारों में खुशहाली आई है और महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। महिलाओं के साथ-साथ युवाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को इस तरह सक्षम बनाने का लक्ष्य है कि वे नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें।
जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की जाएगी। यह सेवा महिलाओं, बेटियों और आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी। सरकार इस योजना को जल्द लागू करने की तैयारी कर रही है।
भिंड-चंबल क्षेत्र में विकास को नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि भिंड और चंबल अंचल अब विकास की नई पहचान बना रहा है। यह क्षेत्र वीर जवानों और मेहनतकश किसानों के लिए जाना जाता है। कभी दस्यु समस्या के लिए चर्चित रहे बीहड़ अब विकास और बदलाव की ओर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में अधोसंरचना, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। क्षेत्र में रोजगार और निवेश के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
यूसीसी लागू करने की तैयारी तेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसके लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई थी और विभिन्न संगठनों, विशेषज्ञों व नागरिकों से सुझाव लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी माह यूसीसी के क्रियान्वयन की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान, गरीब, महिला और युवा सहित सभी वर्गों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों का उपार्जन, गौशालाओं को बढ़ावा और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार का लक्ष्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
