मंगलवार, 17 नवंबर 202612:03:19 AM
Download App
Home/देश

योगी की पाती के 50 सप्ताह पूरे : सीएम योगी ने मुख्यमंत्री निवास पर किया टेबल बुक का विमोचन, सुनाए पुराने संघर्षों के किस्से

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 16, 2026
07:22 AM
सीएम योगी ने मुख्यमंत्री निवास पर किया टेबल बुक का विमोचन,  सुनाए पुराने संघर्षों के किस्से

लखनऊ। उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की मुख्यमंत्री पाती के 50 सप्ताह पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर सोमवार को लखनऊ स्थित उनके निवास पर कार्यक्रम आयोजित हुआ और काॅफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। इस किताब में 50 सप्ताह के दौरान प्रदेश की जनता, किसानों, युवाओं महिलाओं, स्वास्थ्य और विकास जैसे मुद्दों पर लिखे गए खतों का संग्रह शामिल है। कार्यक्रम में सीएम योगी ने अपने पुराने संघर्षों को याद करते हुए वनटांगिया समाज की बदलाही से लेकर प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया।

बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल बनवाया तो दर्ज हुआ मुकदमा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वनटांगिया समाज से जुड़ा अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि गोरखपुर के वनटांगिया गांवों में बच्चों की शिक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट की ओर से वन विभाग के एक शेड की रंगाई-पुताई कराकर वहां स्कूल शुरू करवाया था। इस पहल पर तत्कालीन सरकार और वन विभाग ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था।

सीएम ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2017 में उनकी सरकार बनने पर वनटांगिया समुदाय की 54 बस्तियों के हजारों परिवारों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया। इससे उन्हें नागरिक अधिकारों के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने लगा। इसी तरह मुसहर, थारू, चेरो, गौड़ और कोल समुदायों को भी आवास और अन्य सरकारी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।

इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण को बताया बड़ी उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जुलाई से नवंबर के बीच हजारों बच्चे इस बीमारी की चपेट में आते थे और सैकड़ों की जान चली जाती थी। अस्पतालों में जरूरी सुविधाओं और जीवनरक्षक उपकरणों का अभाव था। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार के प्रयासों से पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है।

96 प्रतिशत स्कूलों में पहुंचीं बुनियादी सुविधाएं

शिक्षा के क्षेत्र में बदलावों का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी स्कूलों की स्थिति बेहद खराब थी। आज ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से 96 प्रतिशत स्कूलों को बुनियादी सुविधाओं से संतृप्त किया जा चुका है। प्रदेश के करीब 1 करोड़ 60 लाख बच्चों को वर्दी, स्कूल बैग, किताबें और जूते-मोजे के लिए धनराशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय और बेहतर शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय भी संचालित किए जा रहे हैं।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना उद्देश्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल पत्र या सरकारी सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति से आत्मीय संवाद का प्रयास है। कई बार पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी नहीं होती, जिसके कारण वे आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और निराश्रित महिला पेंशन जैसी सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। इसलिए सरकारी योजनाओं की जानकारी लगातार लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें