उपचुनाव: दतिया ने बीजेपी को फिर दिया झटका! : कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार फहराया जीत का परचम, घनश्याम सिंह ने 6056 वोटों से दर्ज की जीत

दतिया। मध्य प्रदेश की चर्चित दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा को करारा झटका देते हुए लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6056 मतों से हराकर सीट अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ कांग्रेस ने दतिया में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत होने का संदेश दिया, जबकि भाजपा को आत्ममंथन की स्थिति में पहुंचा दिया।
डाक मतपत्रों से हुई शुरुआत, फिर खुलीं ईवीएम
मतगणना की शुरुआत सबसे पहले टेबल नंबर-21 पर रखे गए 451 डाक मतपत्रों की गिनती से हुई। इसके बाद ईवीएम के मतों की गणना शुरू हुई। उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के अलावा कुल 21 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से दोनों प्रमुख दलों के बीच ही रहा।
राउंड दर राउंड बदलता रहा मुकाबला
मतगणना के दौरान शुरुआती दौर से ही कांग्रेस ने बढ़त बनाए रखी। नौवें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त 9519 वोटों तक पहुंच गई थी, जिससे भाजपा खेमे में चिंता बढ़ गई। 14वें राउंड में कांग्रेस को 6614 और भाजपा को 3100 वोट मिले। हालांकि अंतिम चरणों में भाजपा ने कुछ बढ़त कम की, लेकिन कांग्रेस ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए आखिरकार 6056 वोटों से जीत सुनिश्चित कर ली।
नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी भाजपा को हार
उपचुनाव का सबसे चर्चित परिणाम पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के मतदान केंद्र से भी सामने आया। उनके पोलिंग बूथ नंबर-121 पर कांग्रेस को 291 वोट, जबकि भाजपा को 264 वोट मिले। भाजपा का अपने ही प्रभाव वाले बूथ पर पिछड़ना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हार-जीत पर नेताओं के अलग-अलग बयान
परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी के भीतरघात ने चुनाव को प्रभावित किया है और पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी। वहीं विजयी कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि भीतरघात से ज्यादा अंतर नहीं पड़ा और जनता ने विकास तथा विश्वास के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने दावा किया कि यह परिणाम प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत है।
जीत का जश्न, कार्यकर्ताओं में उत्साह
जीत की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। पार्टी समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का स्वागत किया। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने एक-दूसरे को मेलोडी टॉफी खिलाकर बधाई दी और इसे विपक्ष की एकजुटता का प्रतीक बताया।
सजा के बाद खाली हुई थी सीट
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दो वर्ष की सजा मिलने के बाद रिक्त हुई थी। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7742 मतों से हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। अब उपचुनाव में कांग्रेस की दोबारा जीत ने दतिया में पार्टी की स्थिति को और मजबूत कर दिया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
