राहुल गांधी की याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई : कार्तिकेय चौहान मानहानि मामले में हो सकता है निर्णय

जबलपुर। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से जुड़े चर्चित मानहानि मामले में गुरुवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर पीठ में सुनवाई होगी। यह मामला राहुल गांधी द्वारा वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम पनामा पेपर्स प्रकरण से जोड़कर लिए गए बयान से संबंधित है।
राहुल गांधी के बयान के बाद कार्तिकेय सिंह चौहान ने भोपाल स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में मानहानि का मामला दायर किया था। निचली अदालत द्वारा समन जारी किए जाने के बाद राहुल गांधी ने समन को चुनौती देते हुए जबलपुर हाईकोर्ट का रुख किया और इसे निरस्त करने की मांग की।
मामले की सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक कृष्ण तंखा, अजय गुप्ता, राजीव मिश्रा और ऐश्वर्या साहू पक्ष रखेंगे, जबकि कार्तिकेय सिंह चौहान की ओर से अधिवक्ता संकल्प कोचर अदालत में दलीलें पेश करेंगे।
सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की ओर से यह भी कहा गया है कि उनके बयान में कार्तिकेय चौहान का नाम गलतीवश शामिल हो गया था और इस पर खेद व्यक्त किया गया है। इस संबंध में हाईकोर्ट ने कार्तिकेय सिंह चौहान से भी जवाब मांगा है।
अब इस मामले में गुरुवार को होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं, जहां अदालत आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण फैसला ले सकती है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
