मंच से इस्तीफे की बात कहकर बुरे फंसे सैलाना विधायक : जनता का जवाब सुनकर सकते में आए डोडियार, वीडियो वायरल

रतलाम। मध्य प्रदेश के सैलाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक कमलेश्वर डोडियार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वे अपने इस्तीफे को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल डोडिया ने जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में मंच से जनता से पूछा की क्या मैं विधायकी से इस्तीफा दे दूं तो जनता ने उनके इस सवाल पर मुहर लगाते हुए कहा कि हां इस्तीफा दे दो। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जनता का यह जवाब सुनकर विधायक भी कुछ पल के लिए सकते में आ गए और मामले को संभालने की कोशिश की। उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि हां, इस्तीफा दे देंगे, लेकिन इसके लिए भोपाल जाना पड़ेगा।
जनता के जवाब से असहज हुए विधायक
पूरा मामला रतलाम के रानीसिंग में रविवार को आयोजित किए गए जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम का बताया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मंच से जनता के सामने इस्तीफे का सवाल रख दिया। उन्हें शायद उम्मीद नहीं थी कि लोग इस सवाल पर इतनी स्पष्ट प्रतिक्रिया देंगे। लेकिन जनता की ओर से इस्तीफा देने की आवाज आने के बाद माहौल बदल गया।
झोपड़ी वाले विधायक के नाम से हुए थे मशहूर
गौरतलब है कि कमलेश्वर डोडियार ने 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय आदिवासी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर सबको चैंका दिया था। वह प्रदेश में पार्टी के एकमात्र विधायक बने थे। इसके बाद मोटरसाइकिल से भोपाल जाने, मुख्यमंत्री से मंत्री पद की मांग करने और अपनी सादगीपूर्ण जीवनशैली के कारण वह काफी सुर्खियों में रहे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
