शुक्रवार, 5 जून 202606:09:09 PM
Download App
Home/देश

विश्व पर्यावरण दिवस : ‘सांसें हो रही हैं कम...’ का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे दुकान जी, अनोखे अंदाज में जगा रहे पर्यावरण चेतना

admin

admin

Jun 05, 2026
10:53 AM
‘सांसें हो रही हैं कम...’  का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे दुकान जी, अनोखे अंदाज में जगा रहे पर्यावरण चेतना

प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस पर जहां देशभर में पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं प्रयागराज के दारागंज क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण का एक अनोखा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। यहां राजेंद्र कुमार तिवारी, जिन्हें स्थानीय लोग प्यार से ‘दुकान जी’ के नाम से जानते हैं, अपने विशेष गेटअप और पर्यावरण संबंधी संदेशों के साथ सड़कों पर निकले और लोगों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करते नजर आए।

शरीर पर स्लोगन, हाथ में पौधे और हर घर तक संदेश

दुकान जी ने अपने शरीर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े स्लोगन लिख रखे थे और पौधे लेकर शहर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण किया। उनका उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र के बीच पेड़ लगाना केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि भविष्य की आवश्यकता है। उनकी इस मुहिम में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए और पौधारोपण के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया।

“एक पेड़ जीवन के लिए जरूर लगाएं”

आईएएनएस से बातचीत में राजेंद्र तिवारी ने कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों से पर्यावरण बचाने की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिस तरह से प्राकृतिक संसाधनों का दोहन बढ़ रहा है और भूमि बंजर होती जा रही है, उससे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण का संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल बच्चे की तरह करें।

शादी-ब्याह में बुके नहीं, पौधे दें उपहार

दुकान जी ने एक अनोखा सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि शादी, जन्मदिन या अन्य सामाजिक आयोजनों में फूलों के बुके की जगह पौधे उपहार में देने की परंपरा शुरू होनी चाहिए। उनका मानना है कि जिस प्रकार पौधा बढ़कर वृक्ष बनता है, उसी प्रकार परिवार और रिश्तों में भी खुशहाली बढ़ती है। उनके अभियान का प्रमुख संदेश थाकृ“सांसें हो रही हैं कम, आओ एक पेड़ लगाएं हम।”

स्थानीय लोगों ने भी बढ़ाया हाथ

स्थानीय निवासी अनामिका चैधरी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन लगातार बिगड़ रहा है, इसलिए केवल पर्यावरण दिवस पर ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष पौधारोपण करना चाहिए। वहीं सुनील कुमार ने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर ने ऑक्सीजन और पेड़ों के महत्व को सभी के सामने स्पष्ट कर दिया था। उन्होंने लोगों से जन्मदिन, माता-पिता की स्मृति और अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाने की अपील की।

पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की जरूरत

दारागंज में दुकान जी की यह अनूठी पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। उनका संदेश साफ है कि यदि आज पेड़ नहीं लगाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में हर व्यक्ति का छोटा प्रयास भी धरती को हरा-भरा और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें