राहुल के हर झूठ की खुल चुकी है पोल : ईसी पर आरोपों को लेकर जेपी नड्डा का तीखा वार, विपक्ष पर भी बरसे केन्द्रीय मंत्री

नई दिल्ली । एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग पर लगे आरोपों के बाद देश की सियासत गरमाई हुई है। पक्ष-विपक्ष दोनों एक दूसरे पर वार-पलटवार कर रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और विपक्ष को अपने निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष के नेताओं का एकमात्र एजेंडा देश की स्वतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम और उन्हें कमजोर करना है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, आज जब 140 करोड़ भारतीय अपनी कड़ी मेहनत से विकसित भारत का संकल्प पूरा कर रहे हैं और दुनियाभर में भारत का नाम हो रहा है, तो दुख की बात है कि कांग्रेस और पूरा इंडी गठबंधन देश की इस तरक्की को देखकर निराश और हताश है। विपक्ष के सभी झूठे आरोप तथ्यों की कसौटी पर बार-बार गलत साबित हुए हैं।
राहुल के हर झूठ की खुल चुकी है पोल
चुनाव आयोग से लेकर देश की सबसे बड़ी अदालतों तक, उनके हर झूठ की पोल खुल चुकी है। जब उनके पास कोई नीति या विजन नहीं होता, तो वे देश में भ्रम और अराजकता फैलाने के लिए नई-नई साजिशें रचते हैं। कुछ दिन पहले ही हमने देखा कि कैसे एक झूठी खबर पर पूरे देश में हंगामा खड़ा किया गया था। अब, जब चुनाव आयोग के सभी सदस्यों ने उनके लगाए हर झूठ का पर्दाफाश कर दिया है, तो वे फिर से माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
‘राहुल गांधी कान खोलकर सुन लें’, नड्डा ने साधा सीधा निशाना
राहुल गांधी कान खोलकर सुन लें! किसी झूठ को सौ बार दोहराने से वह सच नहीं बन जाता और न ही सच कभी हारता है। राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी का एकमात्र एजेंडा देश की स्वतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना और उन्हें कमजोर करना है। यह वही श्टूलकिट मानसिकताश् है जो देश के विकास को रोकने के लिए हर सुबह एक नई साजिश रचती है।
विपक्ष पर लगाया माहौल खराब करने का आरोप
नड्डा ने कहा, आरोप लगाना, देश का माहौल खराब करना और भाग जाना, विपक्ष का काम करने का यही तरीका बन गया है। उन्हें देश की सुरक्षा, जन-कल्याण या देश के सम्मान और प्रतिष्ठा की कोई परवाह नहीं है। उनका एकमात्र मकसद सत्ता हासिल करना है, लोगों की सेवा करना नहीं बल्कि परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा देना और अपना निजी फायदा उठाना है। जनता ने अतीत में देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने वाली ताकतों को करारा सबक सिखाया है और भविष्य में भी ऐसा ही होगा। जनता की अदालत में उनकी हर गलतफहमी और साजिश चकनाचूर हो जाएगी।
चुनाव आयोग पर आरोपों के बीच सियासी टकराव तेज
चुनाव आयोग को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव हाल के दिनों में तेज हुआ है। राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की है।
वहीं, चुनाव आयोग ने अपने 23 सितंबर के बयान में कहा था कि उसके सभी फैसले पूर्ण आयोग के सर्वसम्मत निर्णय हैं और आयोग संविधान के अनुच्छेद 324 तथा संबंधित कानूनों के तहत काम करता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
