मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड : ICU में लगी आग, दम घुटने से 4 मरीजों की मौत, 25 से अधिक का रेस्क्यू

बिहार। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा इलाके में गुरुवार तड़के एक निजी अस्पताल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। ब्रह्मपुरा थाना के समीप स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में आग लगने के बाद मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दम घुटने से चार मरीजों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 3:40 बजे आईसीयू वार्ड में लगी एक मशीन से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। देखते ही देखते पूरा वार्ड धुएं से भर गया। उस समय आईसीयू में कई गंभीर मरीज भर्ती थे। धुआं फैलने के साथ ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
तड़के आईसीयू से उठने लगा धुआं

अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आईसीयू की खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे मरीजों तक पहुंच बनाई। कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ऑक्सीजन सपोर्ट पर मौजूद मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान कुछ अस्पताल कर्मचारी भी झुलस गए।
अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किए गए मरीज
रेस्क्यू अभियान के बाद मरीजों को शहर के विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतकों की पहचान
जिला प्रशासन के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है शशांक कुमार, निवासी रतनपुर गांव, औराई प्रखंड, मुजफ्फरपुर,उदय कुमार, निवासी विसंभरपुर गांव, तरियानी छपरा, शिवहर,गीता देवी, निवासी बिसतौलिया गांव, कथैया थाना क्षेत्र, मुजफ्फरपुर,कृष्णनंदन सिंह, निवासी गोरीगामा गांव, मीनापुर, मुजफ्फरपुर फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एफएसएल और प्रशासनिक टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।

नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
